राहुल की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का कितना होगा असर? रिजिजू ने दिया यह जवाब

उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी चुनाव प्रचार से बचते हैं, तो कांग्रेस कुछ सीटें जीत सकती है

राहुल की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का कितना होगा असर? रिजिजू ने दिया यह जवाब

Photo: KirenRijiju FB page

ईटानगर/दक्षिण भारत। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का भाजपा की चुनावी संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने लोकसभा चुनाव में राजग के प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करने का भी दावा किया।

Dakshin Bharat at Google News
बता दें कि 14 जनवरी को मणिपुर के थौबल से शुरू हुई यह यात्रा लगभग 6,700 किमी की दूरी तय करने के बाद 16 मार्च को मुंबई में समाप्त हुई थी। रिजिजू ने पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि राहुल गांधी अपनी यात्रा के दौरान जहां भी गए, कांग्रेस वहां सभी सीटें हार जाएगी, क्योंकि कोई भी उन्हें गंभीरता से नहीं लेता है।

उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि यदि वे (राहुल गांधी) चुनाव प्रचार से बचते हैं, तो संभावना है कि सबसे पुरानी पार्टी कुछ सीटें जीत सकती है।

भाजपा नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राहुल के कथित घृणास्पद भाषणों के लिए भी आलोचना की और तर्क दिया कि यह 'गहरी दुश्मनी' को दर्शाता है।

उन्होंने आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता का दिल, आत्मा और शरीर प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के खिलाफ नफरत से भरे हुए हैं, जो उनके स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं है।

रिजिजू ने दावा किया राहुल गांधी, मोदी को पसंद नहीं करते, क्योंकि वे (प्रधानमंत्री) बहुत ही विनम्र और गरीब परिवार से आते हैं। राहुल गांधी और उनके लोग इस बात से सहमत नहीं हैं कि एक गरीब आम आदमी प्रधानमंत्री बन सकता है।

उन्होंने कहा कि मोदी को उनकी क्षमता और लोगों के प्यार और आशीर्वाद के कारण प्रधानमंत्री चुना गया है।

रिजिजू ने लोकसभा चुनाव में भाजपा की भारी जीत का दावा करते हुए कहा कि वह 370 सीटों को पार कर जाएगी और राजग कुल मिलाकर 400 से ज्यादा सीटें जीतेगा।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download