ओडिशा में बीजद अस्त, कांग्रेस पस्त, लोग भाजपा को लेकर आश्वस्त हैं: मोदी

प्रधानमंत्री ने ओडिशा के बरहामपुर में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया

ओडिशा में बीजद अस्त, कांग्रेस पस्त, लोग भाजपा को लेकर आश्वस्त हैं: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज ओडिशा में जो सरकार है, उसे महिलाओं के हितों की कोई परवाह ही नहीं है

बरहामपुर/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ओडिशा के बरहामपुर में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कल मैं प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में था। वहां रामलला और अयोध्यावासियों के दर्शन किए। आज यहां महाप्रभु जगन्नाथ की धरती पर आपका आशीर्वाद लेने के लिए आया हूं। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा में इस बार दो यज्ञ एकसाथ हो रहे हैं। एक यज्ञ देश में, हिंदुस्तान में मजबूत सरकार बनाने के लिए है। दूसरा यज्ञ ओडिशा में भाजपा के नेतृत्व वाली मजबूत राज्य सरकार बनाने का है।

प्रधानमंत्री ने ओडिशा भाजपा को बधाई देते हुए कहा कि उसने राज्य की आकांक्षाओं, यहां के युवा सपनों, बहनों-बेटियों की सामर्थ्य को ध्यान में रखते हुए बहुत ही विजनरी संकल्प पत्र जारी किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आप जानते हैं कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। इसलिए यहां सरकार बनने के बाद हम पूरी शक्ति से संकल्प पत्र में की गई घोषणाओं पर अमल करेंगे। यह मोदी की गारंटी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 4 जून पर यहां की बीजद सरकार की एक्सपायरी डेट लिखी हुई है। आज 6 मई है। 6 जून को भाजपा के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार तय होगा। 10 जून को भुवनेश्वर में भाजपा के मुख्यमंत्री का शपथ समारोह होगा। मैं आज सबको भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री के शपथ समारोह के लिए निमंत्रण देने आया हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा में बीजद अस्त है, कांग्रेस पस्त है और लोग भाजपा को लेकर आश्वस्त हैं और सिर्फ भाजपा उम्मीदों का नया सूरज बनकर आई है। ओडिशा में करीब 50 साल तक कांग्रेस और करीब 25 साल तक बीजद रही। लेकिन क्या हुआ, सबने देखा। ओडिशा में उपजाऊ भूमि, खनिज संसाधन, समुद्री तट, बरहामपुर जैसा व्यापार केंद्र, संस्कृति, विरासत और न जाने क्या-क्या है ... फिर भी, इस 'समृद्ध' ओडिशा के लोग गरीब बने हुए हैं। इस पाप का जिम्मेदार कौन है? जवाब है कांग्रेस और बीजद।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा में बीजद के छोटे-छोटे नेता भी बड़े-बड़े बंगलों के मालिक हो गए हैं। आखिर क्यों? यहां डॉक्टरों की कई सीटें खाली रह गई हैं। आखिर क्यों? विद्यार्थी अपने शैक्षिक पाठ्यक्रम पूरे नहीं कर रहे हैं। आखिर क्यों? जब मोदी ओडिशा के विकास के लिए पर्याप्त और उचित धन मुहैया करा रहा है तो फिर ऐसा क्यों हुआ? उत्तर स्पष्ट है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने जल जीवन मिशन के लिए 10 हजार करोड़ रुपए ओडिशा को दिए। वे पैसे यहां की सरकार सही से खर्च ही नहीं कर पाई। मोदी गांव में सड़कें बनाने के लिए पैसा भेजता है, लेकिन यहां गांवों में सड़कों की हालत खराब है। मोदी दिल्ली से मुफ्त चावल के लिए पैसे भेजता है, लेकिन बीजद सरकार इस योजना पर भी अपना फोटो चिपका देती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज ओडिशा में जो सरकार है, उसे महिलाओं के हितों की कोई परवाह ही नहीं है। केंद्र सरकार हर गर्भवती महिला को 6 हजार रुपए की आर्थिक मदद दे रही है। आप यह जानकर हैरान रह जाएंगे कि ओडिशा सरकार ने इतनी महत्त्वपूर्ण और पवित्र योजना पर भी ताला लगा दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार महिला सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। ओडिशा भाजपा की सुभद्रा योजना यहां महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करेगी। ओडिशा भाजपा ने यहां स्वयं सहायता समूहों की 25 लाख बहनों-बेटियों को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने बहुत गौरव से ओडिशा की मिट्टी में जन्मीं, ओडिशा की बेटी को देश का सबसे बड़ा पद दिया है। यह मेरा सौभाग्य है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुझे लगातार ओडिशा के विकास के लिए बहुत बारीक-बारीक चीजें बताती हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा में उड़िया संस्कृति को समझने वाला, जीने वाला, गर्व करने वाला और उड़िया संस्कृति के लिए समर्पित भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा, तो आपकी समस्याओं का तेजी से समाधान होगा। इसलिए, भाजपा के मुख्यमंत्री, भाजपा की सरकार का शपथ समारोह होना चाहिए और आपको उसमें आना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी ओडिशा की सामुद्रिक सामर्थ्य को बढ़ाने के लिए भी काम कर रहा है। हमारा फोकस ओडिशा की कोस्टल इकॉनमी पर है। हर क्षेत्र में हम बहुत निवेश कर रहे हैं। हमने पहली बार मछली पालन का अलग मंत्रालय बनाया, बोट को आधुनिक बनाने के लिए सब्सिडी दी, हमने मछुआरों को पहली बार किसान क्रेडिट कार्ड दिया। यहां ओडिशा में भी सागरमाला योजना के तहत करोड़ों का काम हुआ है। मछुआरों की सुविधा और समृद्धि हमारे लिए सर्वोपरि हैं।

Google News

About The Author

Post Comment

Comment List

Advertisement

Latest News

जद (एस) सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ जद (एस) सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। सांसदों और विधायकों के लिए एक विशेष अदालत ने कथित यौन उत्पीड़न मामले में जद (एस) सांसद प्रज्ज्वल...
'मेट्रो सेवा को नहीं हो रहा कोई नुकसान...', शिवकुमार ने क्यों​ किया 'शक्ति योजना' का जिक्र?
इंडि गठबंधन वाले हैं घोटालेबाजों की जमात, इन्हें किसी भी कीमत पर सत्ता चाहिए: मोदी
देवराजे गौड़ा के आरोपों पर बोले शिवकुमार- केवल पेन-ड्राइव के बारे में चर्चा कर रहे हैं ...
वीडियो ने साबित कर दिया कि स्वाति मालीवाल के सभी आरोप झूठे थे: आप
इंडि गठबंधन ने बुलडोजर संबंधी टिप्पणी के लिए मोदी की आलोचना की, कहा- धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा करेंगे
मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा: नड्डा