झारखंड में जो हुआ, वह पेपर लीक नहीं, बल्कि पेपर लूट है: भाजपा

डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया

Photo: @BJPLive X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की जांच की प्रक्रिया में इस प्रकार के तथ्य सामने आए हैं, जो बहुत हैरान करने वाले हैं और कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडि गठबंधन की छात्र हितों की असली हकीकत को बयान करने वाले हैं। 

डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि इस प्रकार के तथ्य सामने आए हैं कि सहायक वन संरक्षक और वन रेंज अधिकारी की परीक्षा में स्ट्रॉन्ग रूप को तोड़कर प्रश्नपत्रों को निकालकर उनके अंदर परिवर्तन किया गया अर्थात् झारखंड में जो कुछ हुआ, वह पेपर लीक नहीं, बल्कि पेपर लूट है। 

डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मैं छात्रों से कहना चाहता हूं कि झारखंड में जो कुछ भी सामने आया है, उसने कांग्रेस की हकीकत को उजागर कर दिया है। दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है। इस विषय पर उनकी चुप्पी झारखंड प्रदेश और सारे अभ्यर्थियों के दिल में चीख की तरह सुनाई पड़ रही है।

डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की चार राज्यों में सरकारें हैं। हिमाचल प्रदेश में महिला मंत्री शून्य, कर्नाटक में महिला मंत्री शून्य, केरल में महिला मंत्री दो और तेलंगाना में महिला मंत्री दो थीं, जिनमें से एक को हटा दिया गया है। यानी सरकारें चार और महिला मंत्री सिर्फ तीन। यह बहुत नाइंसाफी है।  

डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मुझे अफसोस है कि इस नाइंसाफी पर राहुल गांधी तो चुप हैं, खरगेजी भी चुप हैं। यह दर्शाता है कि ये मन, वचन और कर्म ... तीनों से महिलाओं को राजनीति में प्रतिनिधित्व देने के विरोधी हैं। इसलिए ये जो कहते हैं, वो करते नहीं हैं।

डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी तो चुप हैं ही, लेकिन जो प्रियंका गांधी कहती हैं कि 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं', 50 प्रतिशत टिकट दे सकती हूं, वे चार राज्यों में तीन महिला मंत्रियों पर मौन धारण करके बैठी हैं। इसलिए मैं देश की सभी महिलाओं से कहना चाहता हूं कि आप सभी को यह देखना चाहिए कि कांग्रेस का असली चेहरा क्या है।

About The Author: News Desk