बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को सूखा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा, 'आज बागलकोट, विजयनगर और बल्लारी ज़िलों के सूखा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया गया, ताकि स्थिति की गंभीरता और किसानों तथा आम लोगों के सामने आ रहीं चुनौतियों का जायज़ा लिया जा सके।'
डीके शिवकुमार ने कहा, 'हमारा ध्यान स्थिति का बारीकी से आकलन करने और किसानों तथा आम लोगों की चिंताओं पर समय रहते ज़रूरी राहत उपायों के साथ प्रतिक्रिया देने पर है। इस दौरान विधानसभा के उपाध्यक्ष मंकल वैद्य और सांसद डॉ. जीसी चंद्रशेखर भी मौजूद थे।'
मुख्यमंत्री ने एक्स अकाउंट पर एक और पोस्ट में कहा, 'अन्नदाताओं के साथ हम हैं, हिम्मत न हारें।' उन्होंने कहा, 'बागलकोट जिले के हुनगुंद तालुक के धन्नूर क्रॉस के पास स्थित नंदप्पा संगप्पा बारकेर के खेत का स्वयं दौरा कर सूखे की स्थिति का जायजा लिया।'
मुख्यमंत्री ने कहा, 'बारिश न होने के कारण सूख चुकी सूरजमुखी, प्याज और मिर्च की फसलों का निरीक्षण किया और अन्नदाताओं की समस्याएं सुनीं। देश और समाज को अन्न देने वाले किसानों के आंसू पोंछना हमारा कर्तव्य है। इस कठिन समय में सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।'