बेंगलूरु/दक्षिण भारत। बेंगलूरु दक्षिण से लोकसभा सांसद तेजस्वी सूर्या ने गुरुवार को शहर की झीलों, पार्कों और हरे-भरे इलाकों को बचाने और टिकाऊ विकास के लिए लड़ाई जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि जनता ने अपनी बात रखी और सरकार ने उसे सुना। लोकतंत्र को इसी तरह काम करना चाहिए।
भाजपा सांसद ने कहा, 'मैं उन सभी नागरिकों का धन्यवाद करता हूं जो 91 वर्षीय येल्लप्पा रेड्डी के नेतृत्व में पार्क की 5 प्रतिशत ज़मीन को दूसरे कामों में इस्तेमाल करने वाले कानून का विरोध करने के लिए लालबाग पहुंचे।'
तेजस्वी सूर्या ने कहा, 'मैं, मुख्यमंत्री की भी तारीफ़ करता हूं कि उन्होंने जनमत का सम्मान किया और इस कठोर क़ानून को वापस लेने का फ़ैसला किया। लेकिन लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। जब तक विनाशकारी टनल रोड प्रोजेक्ट को आधिकारिक तौर पर रद्द नहीं किया जाता, तब तक न तो लालबाग और न ही प्राचीन पेनिनसुलर नाइस रॉक सुरक्षित है।'
उन्होंने कहा, 'आज मैंने उच्च न्यायालय के समक्ष टनल रोड परियोजना का विरोध करते हुए अपनी बात रखी। न्यायालय ने जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ़ इंडिया को अपनी रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। अगली सुनवाई के लिए 10 सितंबर की तारीख तय की है।'
भाजपा सांसद ने कहा, 'सरकार ने हेब्बाल झील में 'शॉर्ट टनल प्रोजेक्ट' को आसान बनाने के लिए 'कर्नाटक टैंक संरक्षण अधिनियम' में भी संशोधन किया है, जिसके तहत झील के बफ़र ज़ोन को 30 मीटर से घटाकर सिर्फ़ तीन मीटर कर दिया गया। इस बदलाव को भी वापस लिया जाना चाहिए।'