पीआर से जीडीपी की तस्वीर चमकाई जा सकती है, अर्थव्यवस्था नहीं: कांग्रेस

जयराम रमेश ने कहा ...

Photo: IndianNationalCongress FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने जीडीपी के आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जितना अपनी टीम और मीडिया के जरिए आंकड़ों की बाजीगरी से तैयार फर्जी जीडीपी बढ़ोतरी का ढोल पीटेगी, उतना ही उसकी असलियत सामने आएगी, क्योंकि यह ज़मीनी हक़ीक़त के बिलकुल उलट है।

जयराम रमेश ने कहा कि पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग ने अब इस दावे की पोल खोल दी है। उनका आकलन है कि असल जीडीपी वृद्धि दर करीब 2.6 प्रतिशत है, 7.8 प्रतिशत नहीं है।

जयराम रमेश ने कहा कि हम चाहते हैं कि अर्थव्यवस्था सचमुच मजबूत हो, लेकिन मजबूत अर्थव्यवस्था का रास्ता झूठ के आधार पर गढ़े गए आंकड़ों को सजाने से नहीं, सच्चाई स्वीकार करने से निकलता है।

जयराम रमेश ने कहा कि सरकार को पहले वास्तविक आर्थिक स्थिति स्वीकार करनी चाहिए, फिर सुधार करने चाहिएं: युवाओं के लिए रोजगार पैदा हों, एमएसएमई और निजी निवेश को बढ़ावा मिले, मांग और आमदनी बढ़े, आर्थिक असमानता घटे और मित्र पूंजीपतियों को बढ़ावा देने के बजाय निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित हो।

जयराम रमेश ने कहा कि मोदी सरकार को समझना होगा: पीआर से जीडीपी की तस्वीर चमकाई जा सकती है, अर्थव्यवस्था नहीं।

जयराम रमेश ने कहा कि साफ़ है कि जिस जीडीपी पर मोदी देशवासियों से पटाखे फोड़ने और दीपावली मनाने को कह रहे हैं, उस पर गंभीर सवाल खुद उनके पूर्व वित्त सचिव उठा रहे हैं।

About The Author: News Desk