खरगे ने उठाए 'अच्छे दिनों' पर सवाल- 'कभी तेल, कभी चीनी आम आदमी का बजट बिगाड़ देते हैं'

केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाकर हमला बोला

Photo: @kharge X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाकर हमला बोला। उन्होंने महंगाई का मुद्दा उठाया। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि ध्यान भटकाने वाले स्टंट्स और बेतुकी बातों में उलझाकर, भाजपा अपनी करतूतों से पीछा छुड़ाना चाहती है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और जनता महंगाई पर सवाल पूछती रहेंगी। त्योहारों पर आम आदमी की रसोई का हिसाब देखिए। प्याज़ के दाम सालभर में 59 प्रतिशत तक बढ़े, कई शहरों में 50–60 रुपए प्रति किग्रा हो गए।

उन्होंने कहा कि चीनी 60–70 रुपए प्रति किग्रा तो कहीं 72 रुपए प्रति किग्रा है। सरसों तेल 200 रुपए प्रति लीटर के पार, खाद्य पदार्थों की महंगाई 5.52 प्रतिशत और थोक महंगाई 9.78 प्रतिशत है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि 12 साल से भाजपा सरकार है और 'अच्छे दिनों' का आलम यह है कि कभी दाल, कभी सब्ज़ी, कभी तेल, कभी चीनी आम आदमी का बजट बिगाड़ देते हैं।

About The Author: News Desk