इमरान खान के साथ वैसा ही व्यवहार हो रहा है, जैसा उन्होंने विरोधियों के साथ किया था: महबूबा मुफ्ती

इमरान भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में हैं

Photo: jkpdp1 FB Page

श्रीनगर/भाषा। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को उसी तरह के व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है, जैसा उनकी सरकार ने अपने राजनीतिक विरोधियों के साथ किया था।

जेल में बंद इमरान खान के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वे सन् 1994 में लंदन में उनसे मिली थीं और उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता से प्रभावित हुई थीं।

महबूबा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘मैं पहली बार सन् 1994 में अपने पिता के साथ लंदन में इमरान खान से मिली थी। पाकिस्तान में सकारात्मक बदलाव लाने के उनके जुनून और दृढ़ विश्वास ने मेरे पिता को गहराई से प्रभावित किया था।’

उन्होंने कहा, ‘लेकिन जब इमरान खान प्रधानमंत्री बने तो उनकी सरकार भी उसी राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बन गई। उनके विरोधियों के साथ भी वही किया गया जो आज उनके (इमरान के) साथ हो रहा है।’

इमरान खान को मार्च 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए प्रधानमंत्री पद से हटा दिया गया था। वह भ्रष्टाचार के आरोपों में मार्च 2023 से जेल में हैं।

About The Author: News Desk