त्योहारों से पहले चीनी की मिठास में मोदी सरकार की नीतियों की कड़वाहट घुल गई: मल्लिकार्जुन खरगे

उन्होंने केंद्र सरकार से तीन सवाल पूछे

Photo: IndianNationalCongress FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कहा कि त्योहारों से पहले चीनी की मिठास में मोदी सरकार की नीतियों की कड़वाहट घुल गई है। उन्होंने केंद्र सरकार से तीन सवाल भी पूछे।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'दुनिया के बड़े चीनी उत्पादक और निर्यातक भारत में आज चीनी का स्टॉक 9 साल के निचले स्तर पर क्यों है? नौबत निर्यात रोकने और 10 लाख टन चीनी ड्यूटी-फ्री आयात करने तक कैसे पहुंच गई?'

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'तीन महीने में चीनी करीब 40 प्रतिशत महंगी हो गई - त्योहारों से पहले जनता पर पड़ी इस महंगाई की मार का जिम्मेदार कौन है?'

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'जब देश में चीनी की कमी है और सरकार विदेश से चीनी मंगा रही है, तो गन्ने और अनाज को ई20 के लिए इथेनॉल बनाने में झोंकने की नीति की समीक्षा क्यों नहीं हो रही?'

उन्होंने कहा, 'यह कैसा ‘आत्मनिर्भर भारत’ है? पहले चीनी का उत्पादन घटा। फिर स्टॉक 9 साल के निचले स्तर पर पहुंचा। अब विदेश से चीनी आयात कर रहे हैं - और दूसरी तरफ गन्ने को पेट्रोल में मिलाने के लिए इथेनॉल में झोंक रहे हैं!

About The Author: News Desk