वंदे मातरम् को लेकर देश में चल रही राजनीति ठीक नहीं है: मायावती

'अति-महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए'

Photo: @Mayawati X account

लखनऊ/दक्षिण भारत। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने शुक्रवार को कहा कि देश में वंदे मातरम् गायन को पूरा गाना है या शुरू के दो छंद (पैरा) गाना है या नहीं गाना है, इसको लेकर जो इस समय देश में राजनीति चल रही है, यह ठीक नहीं है।

मायावती ने कहा कि इस मामले में हमारी पार्टी का यही कहना है कि वंदे मातरम् गायन को लेकर हाल ही में संसद में जो क़ानून पास किया गया है, यह कोई पहली बार ऐसा नहीं हो रहा है, क्योंकि केंद्र व राज्यों में भी सत्ता परिवर्तन के दौरान सभी पार्टियां अपने राजनीतिक स्वार्थ/फ़ायदे के हिसाब से या फिर अपनी कमियों से जनता का ध्यान बंटाने के लिए यह सब करती रहती हैं अर्थात् एक-दूसरे के बने क़ानूनों को बदलती रहती हैं।

मायावती ने कहा कि इस समय देश व जनहित के मुद्दों पर और ख़ासकर बेरोज़गार युवाओं व छात्र-छात्राओं 'जेन-जी’ व स्कूली बच्चे-बच्चियों की 'जी-अल्फा’ एवं इस समय देश के कुछ भागों में भयंकर आई बाढ़ से हो रही जान-माल की हानि आदि के अनेक और भी अति-महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर केन्द्र व सभी राज्य सरकारों को तथा साथ ही सभी राजनीतिक पार्टियों को भी सही से समुचित ध्यान देना चाहिए। यही वर्तमान में देश व जनहित में समय की सबसे ज़रूरी मांग भी है।

About The Author: News Desk