कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में तुष्टीकरण की राजनीति को आगे बढ़ा रही है: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोला

Photo: @BJP4India X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कल कांग्रेस की कार्यसमिति ने एक आश्चर्यजनक और देशविरोधी फैसला लिया। उन्होंने अपनी पार्टी के सन् 1937 के रिजोल्यूशन का अनुसरण करते हुए वंदे मातरम् के दो ही छंद गाने का फैसला लिया।

अमित शाह ने कहा कि सन् 1937 में कांग्रेस ने मुस्लिम तुष्टीकरण के लिए वंदे मातरम् के दो टुकड़े कर देश के विभाजन की नींव डाली थी और वहीं से द्वि-राष्ट्र सिद्धांत को ताकत मिली थी। इससे आखिरकार देश का बंटवारा हुआ और पाकिस्तान का जन्म हुआ था।

अमित शाह ने कहा कि आज जब उस ऐतिहासिक गलती को वंदे मातरम् गीत के प्राकट्य के 150वें साल में सुधार कर बंकिम बाबू की इस अमर कृति को पूरा गीत गाकर राष्ट्रीय एकात्मता को सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया है, और सभी सरकारी कार्यक्रमों में इसे पूर्ण रूप से गाने का निर्णय किया गया है और इस निर्णय को कानूनी जामा भी पहनाया गया है।

अमित शाह ने कहा कि इसी की अवहेलना करने का फैसला कांग्रेस ने कल किया। कांग्रेस का यह फैसला केवल और केवल इनकी घोर तुष्टीकरण की नीति की पुष्टि करता है। इन्होंने वोटबैंक के लिए न सिर्फ बंकिम बाबू की अमर कृति का अपमान किया, बल्कि उन लाखों शहीदों का भी अपमान किया, जो वंदे मातरम् का नारा लगाते हुए देश की आजादी के लिए फांसी पर चढ़ गए थे। 

अमित शाह ने कहा कि आज कांग्रेस सन् 1937 के अपनी पार्टी के रिजोल्यूशन को मान रही है और संसद के कानून को नकार रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस फिर एक बार तुष्टीकरण की राजनीति को पुरजोर तरीके से आगे बढ़ा रही है।

About The Author: News Desk