हुब्बली/दक्षिण भारत। दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) ने देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर महाप्रबंधक पी अनंत ने स्वतंत्रता संग्राम के योद्धाओं को नमन किया। उन्होंने देश के विकास में दपरे की उपलब्धियों का उल्लेख किया।
महाप्रबंधक ने कहा कि ट्रेनों के संचालन में सुरक्षा को सबसे ज़्यादा प्राथमिकता दी गई है। साथ ही, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और कनेक्टिविटी में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। दपरे ने 83 किमी नए ट्रैक को शुरू कर, किसी भी गंभीर ट्रेन दुर्घटना के बिना रिकॉर्ड बनाया है। 22 नई ट्रेनें शुरू की गईं, 42 को नियमित किया गया और 125 ट्रेनों की गति बढ़ाई गई, जिससे 3,335 मिनट की बचत हुई।
दपरे ने 31.3 मिलियन टन की रिकॉर्ड माल ढुलाई और 5,531 करोड़ रुपए का सकल राजस्व हासिल किया। सोलर क्षमता 8.4 एमडब्ल्यूपी तक पहुंच गई और 212 में से 191 ट्रेन जोड़ियों को इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन में बदला गया है।
महाप्रबंधक ने पूरे दपरे परिवार की समर्पित कोशिशों की सराहना की और बताया कि ज़ोन ने जनवरी-जुलाई के दौरान सुरक्षा, बुनियादी ढांचे के विकास, ट्रेन संचालन, यात्री सेवाओं, राजस्व सृजन, कर्मचारियों के कल्याण और स्थिरता के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने ऊंचे सुरक्षा मानक बनाए रखने के लिए स्टाफ़ की तारीफ़ की।
उन्होंने तुमकूरु-अर्सिकेरे सेक्शन पर 98 रूट किमी और व्हाइटफील्ड-जोलारपेट्टई सेक्शन पर 122 रूट किमी में 'स्टैंडर्ड कवच' के चालू होने पर प्रकाश डाला। दपरे ने 83 किमी का नया ट्रैक चालू किया, जिसमें 41 किमी नई लाइनों और 42 किमी का दोहरीकरण का काम शामिल है। केएसआर बेंगलूरु, व्हाइटफ़ील्ड और चन्नासांद्रा में यार्ड के रीमॉडलिंग से अतिरिक्त लाइनें उपलब्ध हुईं और ऑपरेशनल क्षमता में सुधार हुआ। उन्होंने 2,372 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत वाले 65 किमी लंबे होसपेटे-बल्लारी क्वाड्रपलिंग प्रोजेक्ट को रेलवे बोर्ड से मंज़ूरी मिलने का भी ज़िक्र किया।
महाप्रबंधक ने बताया कि जुलाई तक 73 लिफ्ट और 64 एस्केलेटर को शुरू किया गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 9 स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा, 14 आरओबी, 23 आरयूबी, 7 एफओबी, 2 सबवे और 8 हाई-लेवल प्लेटफॉर्म के साथ 57 एटीवीएम भी शुरू किए गए। ये उपलब्धियां दपरे परिवार के हर सदस्य के सामूहिक समर्पण, अनुशासन और टीम वर्क का परिणाम हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सुरक्षा, समय की पाबंदी, यात्रियों की संतुष्टि, कार्यक्षमता और कामकाज को और बेहतर बनाने के लिए उसी लगन एवं टीम-भावना के साथ काम करने का आह्वान किया।
इस मौके पर डीआरएम हुब्बली बेला मीना, दपरे के विभागों के प्रमुख अधिकारी, मुख्यालय और हुब्बली मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।