दिल्ली पुलिस ने चीन से जुड़े साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया

चार लोग गिरफ्तार

Photo: @DelhiPolice X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। दिल्ली पुलिस ने चीन से जुड़े एक साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो कथित तौर पर विदेशी जालसाजों को फर्जी बैंक खाते मुहैया कराने में शामिल था। पुलिस ने खाता मुहैया कराने वाले, एजेंट और खाताधारक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी की जांच के दौरान हरियाणा और उत्तर प्रदेश से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में एक व्यक्ति को 'वर्क-फ़्रॉम-होम' का लालच देकर कथित तौर पर 12 लाख रुपए की ठगी का शिकार बनाया गया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गीतम सिंह (29), ध्रुव (21), अनुज शर्मा (27) और गगन यादव (26) के तौर पर की गई है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले का खुलासा 17 जुलाई को दर्ज ई-प्राथमिकी की जांच के दौरान हुआ। इस मामले में शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसे सोशल मीडिया मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम के जरिए घर से काम करने वाली आकर्षक नौकरी की पेशकश की गई और उसे ऑनलाइन कार्य पूरा करने के लिए पहले सुरक्षा राशि जमा करने को कहा गया और जब उसने पैसा निकालने की कोशिश की तो अलग-अलग बहानों से और रकम जमा करने के लिए कहा गया।

दक्षिण-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमित गोयल ने बताया कि जांच के दौरान टेलीग्राम पर इस्तेमाल किए गए खातों के तकनीकी विश्लेषण से उनके चीन में स्थित आईपी एड्रेस से जुड़े होने का पता चला।

उन्हें बताया कि रकम के लेनदेन की जांच में ठगी की कुछ राशि गगन यादव के बैंक खाते में पहुंचने का पता चला। इस खाते का विवरण चीन स्थित ठगों ने शिकायतकर्ता को दिया था।

पुलिस के अनुसार, तकनीकी निगरानी से पता चला कि बैंक खाते का संचालन गुरुग्राम से हो रहा है जिसके बाद यादव के खाते का संचालन कर रहे गीतम सिंह को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ में पता चला कि वह चीन स्थित साइबर ठगों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराता था और ठगी की रकम को यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी में बदलता था।

अधिकारी ने बताया कि उसके मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप और टेलीग्राम चैट की जांच में चीन स्थित साइबर ठगों के साथ सीधे संपर्क का भी पता चला।

About The Author: News Desk