नई दिल्ली/दक्षिण भारत। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा ने देश के बंटवारे के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेले गए दु:ख, विस्थापन और नुकसान को याद करते हुए विभाजन के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।
बता दें कि मोदी सरकार सन् 2021 से 14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के तौर पर मना रही है, ताकि देश के बंटवारे के बाद हुए दंगों और उसके बाद हुए पलायन में जान गंवाने वालों को याद किया जा सके।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि उस समय कांग्रेस नेतृत्व की 'नीतिगत गलतियों' और 'सत्ता की राजनीति' ने देश की अखंडता और सम्मान को गहरा घाव पहुंचाया था।
नितिन नवीन ने कहा, 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर उन सभी पीड़ितों को विनम्र श्रद्धांजलि, जिन्होंने देश के विभाजन के दौरान असहनीय पीड़ा और अकल्पनीय त्रासदियों का सामना किया।'
उन्होंने कहा, 'कांग्रेस के तत्कालीन नेतृत्व की नीतिगत भूलों और सत्ता की राजनीति ने मां भारती की अखंडता और स्वाभिमान को गहरी चोट पहुंचाई। इसका दंश करोड़ों लोगों ने नरसंहार, विस्थापन और अपनों से बिछड़ने के रूप में सहा।'
नितिन नवीन ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के माध्यम से इस पीड़ादायक अध्याय को देश की सामूहिक स्मृति में जीवित रखने का कार्य किया गया है। यह दिवस हमें स्मरण कराता है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ना ही उन असंख्य पीड़ितों के प्रति सच्चा सम्मान है।'