ओपीएन कल्याण ने 77 की उम्र में साइबेरियन मैराथन में इतिहास रचा

ओम्स्क के ऊपर स्काईडाइविंग भी की

मैराथन में लगभग 6,190 धावकों ने भाग लिया

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। जिस उम्र में ज़्यादातर लोग आराम से रिटायरमेंट की ज़िंदगी बिताना पसंद करते हैं, बेंगलूरु के एक 77 वर्षीय शख्स ने साइबेरिया में मैराथन में भाग लेकर इतिहास रच दिया। इनका नाम है- ओपीएन कल्याण, जो बतौर लेफ्टिनेंट कर्नल भारतीय सेना में सेवा दे चुके हैं। उन्होंने एक अगस्त को जब रूस के ओम्स्क इलाके में साइबेरियन अंतरराष्ट्रीय मैराथन में भाग लिया तो उनका सपना पूरा हो गया। अगले दिन, उन्होंने उड़ान भरी और ओम्स्क के ऊपर 3,000 मीटर की ऊंचाई से टैंडेम स्काईडाइविंग की।

मैराथन में लगभग 6,190 धावकों ने भाग लिया, जिनमें सिर्फ चार विदेशी प्रतिभागी थे। उनमें भारत का प्रतिनिधित्व कल्याण कर रहे थे। उन्होंने कहा, 'साइबेरियन मैराथन में भाग लेना और भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व और भावुक कर देने वाला पल था। साइबेरिया में दौड़ना मेरा जीवनभर का सपना था और आखिरकार, 77 साल की उम्र में इसे पूरा कर पाया।'

कल्याण ने 2 अगस्त को रूस के दोसाफ के ओम्स्क एविएशन स्पोर्ट्स क्लब में टैंडेम स्काईडाइविंग की। उन्होंने करीब 200 किमी/घंटा की रफ़्तार से लगभग 40 सेकंड तक 'फ्रीफ़ॉल' का अनुभव किया। फिर लगभग 1,700 मीटर की ऊंचाई पर पैराशूट खुला। यह जंप एक आसान और सुरक्षित लैंडिंग के साथ पूरी हुई। उन्होंने कहा, 'साइबेरिया के ऊपर यह शानदार और रोमांचक छलांग थी। फ्रीफ़ॉल एक अविस्मरणीय अनुभव था।'

कल्याण के पिता और बड़े भाई भी भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने बेंगलूरु के किंग जॉर्ज स्कूल, जो अब नेशनल मिलिट्री स्कूल है, में पढ़ाई की और 15 जून, 1969 को आर्मी सर्विस कोर में कमीशन प्राप्त किया था। उन्होंने वर्ष 1971 के युद्ध में उल्लेखनीय भूमिका निभाई थी। उन्हें दिसंबर 2022 में ढाका में बांग्लादेश के विजय दिवस समारोह में आमंत्रित किया गया था।

कल्याण ने 75 साल की उम्र में फरवरी 2024 में अंटार्कटिका की यात्रा की थी। उन्होंने अगस्त 2025 में आर्कटिक अभियान के दौरान 22 निर्जन द्वीपों की यात्रा की थी। उन्होंने अपने ध्रुवीय अभियानों के दौरान -3 डिग्री से. तापमान वाले बर्फीले पानी में डुबकी लगाई थी। इसके अलावा नॉर्वे के टोंसबर्ग स्काईडाइविंग क्लब में 7,000 फ़ीट की स्काईडाइविंग जंप भी की थी।

About The Author: News Desk