नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर 'जेन ज़ी' को धमकाने का आरोप लगाया और कहा कि ये दोनों 'भारत का अतीत' हैं और उन्हें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि देश के भविष्य के साथ कैसा व्यवहार करते हैं।
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और उनके सोशल मीडिया अकाउंट बंद कराने के पीछे मोदी और शाह का हाथ है।
राहुल गांधी ने अपने एक्स अकाउंट पर कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी और (केंद्रीय गृह मंत्री) अमित शाह - आप जेन ज़ी को डरा-धमकाकर चुप नहीं करा सकते हैं।'
उन्होंने कहा, 'पहले तो आपने उनकी हड्डियां तोड़ीं। अब आप एफआईआर दर्ज करवा रहे हैं और उनके अकाउंट बंद करवा रहे हैं।'
उन्होंने कहा, 'आप भारत का अतीत हैं। भारत के भविष्य के साथ कैसा व्यवहार करते हैं, इस बात का ध्यान रखें।'
इससे पहले, राहुल गांधी ने अपने एक्स अकाउंट पर कहा था, 'छात्र न्याय के हकदार हैं। हमारे छात्रों के साथ हुई बर्बरता की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय की निगरानी में एक स्वतंत्र और उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया जाना चाहिए।'