नई दिल्ली/दक्षिण भारत। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को भाजपा की आलोचना की। उन्होंने बिहार के सिवान ज़िले में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान एके-47 राइफ़ल से गोली चलाने के आरोपों को लेकर सरकार से तीखे सवाल किए। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर सिवान में 25 जुलाई को परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस कॉन्स्टेबल एके-47 राइफल का इस्तेमाल करते हुए दिख रहा है। कॉन्स्टेबल को सोमवार को निलंबित कर दिया गया।
केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'आख़िर भाजपा को क्या हो गया है? बिहार में हमारे छात्रों पर एके-47 से गोलियां चलाई गईं। क्या ये छात्र आतंकवादी हैं?'
केजरीवाल ने कहा, 'मैं मोदी-सम्राट को याद दिलाना चाहता हूं- लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में बिहार की धरती से नारा लगा था- 'सिंहासन ख़ाली करो कि जनता आती है। कृपया छात्रों से पंगा न लें।'