पेपर लीक के खिलाफ सख्त प्रावधान के लिए विधेयक पेश करेंगे: प्रधानमंत्री

शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा होगी

Photo: narendramodi FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार रात को एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि अगले हफ्ते संसद में विधेयक पेश किया जाएगा, जिसमें पेपर लीक के खिलाफ सख्त प्रावधान होंगे।

उन्होंने कहा कि विधेयक के मसौदे के संबंध में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा होगी। उन्होंने कहा, ‘मंत्रिमंडल शुक्रवार को पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा करेगा और मंत्रिपरिषद के सहयोगियों के सुझावों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘सोमवार को जब संसद के मॉनसून सत्र का दूसरा हफ्ता शुरू होगा, तो पेपर लीक के मामलों में सख्त कार्रवाई के प्रावधानों वाला एक विधेयक लाया जाएगा और हम उसे जल्द से जल्द पारित कराने की कोशिश करेंगे।’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘दोषियों को पकड़ लिया गया है। वे अब जेल में हैं। हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह सुनिशचित करना था कि छात्रों का एक साल बर्बाद न हो। तुरंत परीक्षा कराना आवश्यक था। सभी संसाधनों का इस्तेमाल करके, सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि 22 लाख छात्र दोबारा परीक्षा में शामिल हो सकें।’

उन्होंने कहा कि चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए दोबारा आयोजित की गई नीट के नतीजे 19 जुलाई को घोषित किए गए और पूरे भारत से सफल उम्मीदवारों की खुशी की खबरें आई हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा 'मैंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित अदालत स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। त्वरित अदालत पहले ही स्थापित की जा चुकी है।’

About The Author: News Desk