विपक्ष तय करे कि नीट पेपर लीक मामले पर चर्चा कब शुरू करनी है, हम तैयार हैं: राजग

किरेन रिजिजू ने लोकसभा में कहा ...

फोटो: संबंधित पार्टियों के फेसबुक पेजों से।

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। केंद्र में सत्तारूढ़ राजग ने कहा है कि वह नीट पेपर लीक मामले पर लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा करने के लिए तैयार है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में कहा कि हमने कल भी अपील की थी और मैं आज सदन से फिर अपील करना चाहता हूं। 

रिजिजू ने कहा कि हमने कांग्रेस पार्टी के नेताओं और दूसरे विपक्षी सदस्यों से भी व्यक्तिगत स्तर पर बात की है। हमने उन्हें व्यक्तिगत रूप से मिलने और अपने सुझाव साझा करने के लिए बुलाया है। 

रिजिजू ने कहा कि हमने लोकसभा अध्यक्ष से भी बात की है कि सरकार इस सदन और राज्यसभा में नीट पेपर लीक पर विपक्ष जिस भी तरह चाहे, जिस भी तारीख को चाहे और जितने समय के लिए चाहे, चर्चा करने के लिए तैयार है। 

रिजिजू ने कहा कि हम विपक्ष से कहना चाहते हैं कि कृपया तय करें कि चर्चा कब शुरू करनी है। हम तैयार हैं, लेकिन आपकी शर्तें हैं। 

रिजिजू ने कहा कि बहाने मत बनाइए, क्योंकि अगर आप शर्तें लगाएंगे, बहाने बनाएंगे तो सब समझ जाएंगे कि आप चर्चा से बचना चाहते हैं। आज सभी राजग सदस्यों ने भी प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि नीट पेपर लीक पर तुरंत और पूरे देश में चर्चा हो। 

रिजिजू ने कहा कि किसी भी परीक्षा के लिए, उन सभी राज्यों में चर्चा करना बहुत जरूरी है, जहां पेपर लीक हुए हैं। हमें इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।

About The Author: News Desk