नई दिल्ली/दक्षिण भारत। पेपर लीक से जुड़े मामलों में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फास्ट ट्रैक अदालतों के गठन के संबंध में गुरुवार को की गई घोषणा के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा, 'मोदीजी, आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे ज़्यादा नुकसान पहुंचाया है।'
उन्होंने लिखा, 'आपने न सिर्फ हमारे एजुकेशन सिस्टम पर पूरा कब्ज़ा होने और उसे बर्बाद होने दिया, उसे बढ़ावा भी दिया - और इसके ज़िम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया।'
राहुल गांधी ने लिखा, 'छात्रों की मांगें साफ़ हैं: धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं। छात्रों से माफ़ी मांगे। छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करें।'
कांग्रेस सांसद ने लोकसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया
कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने गुरुवार को लोकसभा में विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने के लिए एक नोटिस दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी की महिला सांसदों के संसदीय अधिकारों और विशेषाधिकारों का उल्लंघन हुआ।
लोकसभा महासचिव को लिखे अपने पत्र में ईडन ने कहा कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण होने के बावजूद, पुलिस ने प्रदर्शनकारी सांसदों, खासकर राहुल गांधी के साथ बेरहमी से बदसलूकी की। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष के नेता को पुलिस ने घसीटा और ज़बरदस्ती छत्रसाल स्टेडियम ले गई।