'ईरान का ध्यान अपनी रक्षा पर है, बातचीत की कोई योजना नहीं है'

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा ...

Photo: @Khamenei_fa X account

तेहरान/दक्षिण भारत। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा है कि जब तक वॉशिंगटन समझौते के तहत किए गए वादों का उल्लंघन करता रहेगा, तब तक देश का अमेरिका के साथ बातचीत फिर से शुरू करने का कोई इरादा नहीं है।

तेहरान में एक समारोह को संबोधित करते हुए इस्माइल बघाई ने कहा, 'अभी बातचीत की हमारी कोई योजना नहीं है और हम अपनी सुरक्षा पर ध्यान दे रहे हैं।' बघाई ने अमेरिका के उन दावों के जवाब में यह बात कही, जिनमें कहा गया था कि ईरान पर लगातार हो रहे हमलों से तेहरान बातचीत की मेज पर लौटने को मजबूर हो जाएगा।

प्रवक्ता ने कहा कि ईरान अब खुद को 17 जून को अमेरिका के साथ हुए समझौते की शर्तों से बंधा हुआ नहीं मानता है, क्योंकि वॉशिंगटन ने समझौते के तहत किए गए वादों का बार-बार उल्लंघन किया है।

उन्होंने कहा, 'एमओयू आपसी वादों का एक सेट है और अगर दूसरी पार्टी इसका उल्लंघन करती है, तो हम भी अपनी ज़िम्मेदारियां पूरी नहीं करेंगे। यह एक सिद्धांत है और आगे भी इसी रास्ते पर चला जाएगा।'

'दूसरी पार्टी ने एमओयू के पहले आर्टिकल से ही गलत नीयत दिखाई है और वादे को तोड़ा है।'

ईरानी मीडिया के अनुसार, राजनयिक ने कहा कि ईरान में हर कोई अमेरिका और उसकी धौंस जमाने वाली मांगों के खिलाफ खड़े होने की नीति का समर्थन कर रहा है।

उन्होंने कहा, '...हमारी सेनाएं किसी भी हमलावर को पूरी ताकत से जवाब देंगी। अगर वे हमला करते हैं तो उन्हें भी करारा जवाब दिया जाएगा।'

ये टिप्पणियां दक्षिणी ईरान के तटीय इलाकों पर अमेरिका के लगातार हमलों के बीच आई हैं। वॉशिंगटन का दावा है कि ये हमले होर्मुज़ जलडमरूमध्य में जहाजों को निशाना बनाने की ईरान की क्षमता को कम करने के लिए किए जा रहे हैं।

ईरान ने अमेरिका के आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि फारस की खाड़ी में मौजूद 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' (जो दुनिया भर में ऊर्जा की आपूर्ति के लिए बहुत अहम है) से होकर गुजरने वाले ट्रैफिक को संभालने की जिम्मेदारी, तेहरान और वाशिंगटन के बीच हुए 14-सूत्रीय समझौता ज्ञापन के आर्टिकल 5 के तहत ईरान को सौंपी गई है।

About The Author: News Desk