मॉनसून सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति के लिए कांग्रेस नेताओं ने चर्चा की

यह बैठक सोनिया गांधी के आवास पर हुई

Photo: IndianNationalCongress FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को यहां बैठक की और 20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मॉनसून सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति पर चर्चा की।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जिनमें पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे, ने सत्र के दौरान उठाए जाने वाले अहम मुद्दों पर चर्चा की।
 
यह बैठक कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी के 10, जनपथ स्थित आवास पर हुई।

संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हो रहा है और इसके 13 अगस्त तक चलने की संभावना है। 
 
रणनीति की इस अहम बैठक में शामिल होने वाले अन्य कांग्रेस नेताओं में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल, राज्यसभा में कांग्रेस के मुख्य व्हिप जयराम रमेश, पी चिदंबरम, के सुरेश, नसीर हुसैन, मणिकम टैगोर, कुमारी शैलजा, तारिक अनवर, शशि थरूर और मनीष तिवारी शामिल थे।

इंडि गठबंधन भी सत्र शुरू होने से पहले सोमवार को अपनी संयुक्त रणनीति बनाने के लिए बैठक करेगा। 

सरकार रविवार को विभिन्न दलों के नेताओं से मुलाकात करेगी, ताकि सत्र के दौरान उठाए जाने वाले विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जा सके।

सरकार अहम कानून लाने की तैयारी में है। इनमें परिसीमन और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने से जुड़ा संविधान संशोधन बिल शामिल है। साथ ही, जेल जाने पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों को पद से हटाने से जुड़ा बिल भी लाया जा सकता है।
 
विपक्ष नीट पेपर लीक मामले और अयोध्या में राम मंदिर के लिए मिले दान में कथित हेराफेरी जैसे अहम मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा, वे तेल की बढ़ती कीमतों और भारत-अमेरिका ट्रेड डील का मुद्दा भी उठाएंगे।

About The Author: News Desk