वी सोमन्ना ने तुमकूरु-रायदुर्गा नई रेलवे लाइन परियोजना के कार्यों का निरीक्षण किया

स्टेशन के कार्यों का भी जायजा लिया

तय समय-सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने का निर्देश दिया

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। केंद्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी सोमन्ना ने शनिवार को तुमकूरु-रायदुर्गा नई रेलवे लाइन परियोजना के उरुकेरे-कोराटागेरे (18 किमी) और कोराटागेरे-मदाकासिरा (56 किमी) खंडों पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।

इस दौरान, उन्होंने कोराटागेरे, मधुगिरि, होसाकेरे और बेदत्तूरु में स्टेशन के कार्यों का जायजा लिया और रेलवे अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने का निर्देश दिया।

वी सोमन्ना ने कहा कि तुमकूरु-रायदुर्गा नई लाइन परियोजना अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है। डोड्डाहल्ली से पावागडा तक नई रेलवे लाइन का काम पूरा हो गया है और रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने भी निरीक्षण कर लिया है। रायदुर्गा से पावागडा के लिए ट्रेन सेवाएं जल्द शुरू होंगी। तुमकूरु-दावणगेरे नई लाइन परियोजना पर भी तेज़ी से काम चल रहा है।

207 किमी लंबी तुमकूरु-रायदुर्गा नई रेलवे लाइन परियोजना में काफी प्रगति हुई है। अब तक 110 किमी का काम पूरा हो चुका है। इसमें डोड्डाहल्ली और रायदुर्गा के बीच का 83 किमी का हिस्सा भी शामिल है, जिसे पहले ही दो चरणों में चालू किया जा चुका है।

इसके अलावा, तुमकूरु और उरुकेरे के बीच 11 किमी का खंड, डोड्डाहल्ली और पावागडा के बीच 16 किमी का खंड पूरा हो गया है। रेलवे सुरक्षा के मुख्य आयुक्त द्वारा ज़रूरी निरीक्षण भी किए जा चुके हैं। 22 किमी लंबे मडाकासिरा-पावागडा खंड पर काम चल रहा है।

निरीक्षण के दौरान मधुगिरि विधायक केएन राजन्ना, मुख्य अभियंता (निर्माण) श्रीप्रसाद, उप मुख्य अभियंता (निर्माण) सूरज कुमार और रेलवे के कई अधिकारी मौजूद थे।

About The Author: News Desk