मैसूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र येडीयुरप्पा ने शनिवार को राज्य सरकार के उस कथित प्रस्ताव का विरोध किया, जिसमें इस साल मैसूरु दशहरा समारोह के हिस्से के तौर पर 'कंबाला' आयोजित करने की बात कही गई है।
मैसूरु के शाही परिवार के सदस्य एवं सांसद यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार समेत कई संगठनों और नेताओं ने इस प्रस्ताव का विरोध किया है। उनका तर्क है कि कंबाला, दशहरा त्योहार की विरासत, सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक महत्त्व के अनुकूल नहीं है।
विजयेंद्र ने कहा, 'मैसूरु दशहरे की अपनी खासियत और परंपरा है। सत्ता में आने वाली किसी भी सरकार को इसकी खासियत और अनोखेपन को बनाए रखना चाहिए और उसे बढ़ावा देना चाहिए। मैसूरु के सांसद वाडियार पहले ही यह मुद्दा उठा चुके हैं।'
उन्होंने कहा, 'मैसूरु दशहरे की पवित्रता बनाए रखी जानी चाहिए। बिना किसी चर्चा के ऐसे फ़ैसले लेना सही नहीं है। इसे प्रतिष्ठा का मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। मैं, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से अपील करता हूं कि वे सुनिश्चित करें कि दशहरा की पवित्रता भंग न हो।'
इस बात पर जोर देते हुए कि कंबाला की भी अपनी खासियत है, विजयेंद्र ने कहा कि सरकार को दक्षिण कन्नड़ के तटीय ज़िले में कंबाला को बड़े पैमाने पर आयोजित करने की पहल करनी चाहिए और इसमें कोई आपत्ति नहीं होगी।
उन्होंने कहा, 'कंबाला दक्षिण कन्नड़ की संस्कृति का एक अहम हिस्सा है। इसे ज़िले में भव्य तरीके से आयोजित किया जाए। हमें इससे कोई आपत्ति नहीं है।'
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मैसूरु दशहरा वैसे ही मनाया जाना चाहिए, जैसे पहले मनाया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की संस्कृति और परंपरा को बचाए रखना मुख्यमंत्री की ज़िम्मेदारी है और उन्हें ऐसा करना चाहिए। हम भी यह सुनिश्चित करेंगे कि इसे बचाया जाए।