बेंगलूरु/दक्षिण भारत। मार्शल ऑफ़ द एयर फोर्स अर्जन सिंह मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का 7वां संस्करण 23 जून से 3 जुलाई तक एयर फोर्स स्टेशन जलाहल्ली के अमित सिंह बख्शी हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया गया।
टूर्नामेंट का उद्घाटन एयर ऑफिसर-इन-चार्ज एडमिनिस्ट्रेशन एयर मार्शल एस शिवकुमार ने किया। इसमें कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि ट्रेनिंग कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल सीथेपल्ली श्रीनिवास थे। इस अवसर पर डायरेक्टर जनरल (एडमिनिस्ट्रेशन) एयर मार्शल पीसीपी आनंद भी मौजूद थे।
फ़ाइनल मैच एयर फ़ोर्स और नेवी के बीच खेला गया। एयर फ़ोर्स ने इसे 2-1 गोल से जीता। सार्जेंट आनंद लाकड़ा और अग्निवीर आज्ञापाल को क्रमशः 'मैन ऑफ़ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट' घोषित किया गया। विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल और ट्रॉफ़ी के साथ-साथ क्रमश: 10 लाख और 8 लाख रुपए का नकद पुरस्कार भी दिया गया।
मुख्य अतिथि ने जाने-माने अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी पीआर श्रीजेश और अन्य दिग्गज खिलाड़ियों को सम्मानित किया।