पुणे/दक्षिण भारत। पुणे पुलिस गुरुवार सुबह सिया गोयल को उस जगह ले गई, जहां उसने और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर इस बात की रिहर्सल की थी कि उसके मंगेतर एवं रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल को लोहगढ़ किले की एक चट्टान से कैसे नीचे धकेला जाए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में सिया गोयल के घर पर तलाशी के दौरान वे कपड़े भी बरामद किए, जो कथित तौर पर घटना वाले दिन, यानी 18 जून को उसने पहने थे।
सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे ज़िले के लोहागढ़ किले में एक चट्टान से धक्का देकर 25 साल के केतन अग्रवाल की जान ले ली। अग्रवाल और गोयल की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी।
कथित हत्या के बाद गोयल और चौधरी को गिरफ़्तार कर लिया गया और उन्हें 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पुणे ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, 'जांच से पता चला है कि सिया और चेतन ने एल नगर में एक क्लब के पास खुली जगह पर लोहगढ़ किले की चट्टान से केतन को धक्का देने की रिहर्सल की थी। आज सिया को उस जगह ले जाया गया, जहां उसने उस स्थान की पहचान की, जहां उन्होंने कथित तौर पर रिहर्सल की थी।'
अधिकारी ने बताया कि घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने वे कपड़े बरामद किए, जो गोयल ने कथित तौर पर लोहगढ़ किले में घटना वाले दिन पहने थे। पुलिस के अनुसार, गोयल और चौधरी ने कथित तौर पर अग्रवाल को रास्ते से हटा दिया, क्योंकि वह उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था।
पुणे ग्रामीण पुलिस ने बुधवार को सह-आरोपी चौधरी के साथ अपराध वाली जगह का सीन फिर से बनाया। चौधरी पर अग्रवाल की हत्या की साज़िश में शामिल होने का आरोप है। उसने रविवार को गोयल के साथ भी अपराध वाली जगह का सीन इसी तरह से फिर से बनाया था, जिस दौरान उसकी मौजूदगी में एक डमी को चट्टान से नीचे धकेला गया था।
पुलिस के अनुसार, केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके बेटे ने सिया गोयल की चेतन चौधरी के साथ नज़दीकियों को लेकर कई बार चिंता जताई थी और कहा था कि सिया अपनी बातचीत में अक्सर चेतन चौधरी का ज़िक्र करती थी।