डीके शिवकुमार ने तुंगभद्रा बांध के 33 स्पिलवे गेटों का उद्घाटन किया

मुख्यमंत्री ने कहा- 'बिना किसी विलंब के कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया'

Photo: DKShivakumar.official FB Page

कोप्पल/दक्षिण भारत। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने गुरुवार को यहां तुंगभद्रा बांध के नए लगाए गए 33 स्पिलवे गेटों का उद्घाटन किया।

कोप्पल ज़िले के मुनिराबाद तालुक में सरकारी हाई स्कूल ग्राउंड में हुए उद्घाटन समारोह में जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और आंध्र प्रदेश व तेलंगाना के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और ए. रेवंत रेड्डी मौजूद थे।
 
इस कार्यक्रम में तीनों राज्यों के कई मंत्री, जन-प्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। इस कार्यक्रम का आयोजन जल संसाधन विभाग और तुंगभद्रा बोर्ड ने संयुक्त रूप से किया।

मुख्यमंत्री ने अपने एक्स अकाउंट पर कहा, 'हल चलाने वाले किसान समुदाय के श्रम में ही कर्म निहित है, और उसी हल के आधार पर धर्म भी कायम है।'

उन्होंने कहा, 'किसानों के हितों की रक्षा को सर्वोच्च ध्येय मानने वाली हमारी सरकार ने तुंगभद्रा बांध के गेट संबंधी समस्या को अत्यंत गंभीरता से लिया और युद्धस्तर पर कार्य किया।'

मुख्यमंत्री ने कहा, 'बिना किसी विलंब के जलाशय में नए गेट स्थापित करने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया, और आज उनका लोकार्पण किया गया।'

उन्होंने कहा, 'तुंगभद्रा बांध के गेट संख्या 18 के निकट जल संसाधन विभाग तथा तुंगभद्रा बोर्ड के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू तथा तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की गरिमामयी उपस्थिति में नवस्थापित 33 स्पिलवे गेटों का लोकार्पण किया गया।'

इस अवसर पर एचके पाटिल, एनएस बोसराजु तथा शिवराज तंगडगी सहित कई विधायक और अन्य गणमान्य नेता उपस्थित थे।

About The Author: News Desk