छत्रपति संभाजीनगर/दक्षिण भारत। महाराष्ट्र के परभणी ज़िले के यशवाड़ी गांव में शनिवार दोपहर हनुमान मंदिर की एक स्लैब गिरने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी है।
यह गांव मनवत रोड पर, छत्रपति संभाजीनगर से लगभग 190 किलोमीटर दूर स्थित है। पुलिस अधिकारी ने बताया, 'दोपहर करीब 3:30 बजे मंदिर के 'सभा-मंडप' (बाहरी हॉल) का स्लैब गिर गया। पुलिस और ज़िला प्रशासन ने अपनी टीमें भेजी हैं और बचाव अभियान चल रहा है।'
उन्होंने कहा कि तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि अब तक लगभग 25 लोगों को बचाया गया है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि शनिवार का दिन भगवान हनुमान से जुड़ा होने के कारण मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हादसे के समय वहां भारी भीड़ मौजूद थी। घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें श्रद्धालु मंदिर दर्शन—पूजन करते दिखाई देते हैं। अचानक स्लैब भरभराकर गिर पड़ती है और श्रद्धालु उसके नीचे दब जाते हैं।