एक ही शिवसेना है, जिसकी कमान शिंदे के हाथ में है: अमित शाह

चेतावनी दी कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है

Photo: @BJP4India X account

कोल्हापुर/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर तीखा हमला किया। उन्होंने ठाकरे पर कांग्रेस की गोद में बैठने और घुसपैठियों को वोट बैंक में बदलने की कोशिश करने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है।

ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) में होने वाले संभावित बंटवारे की ओर इशारा करते हुए शाह ने कहा कि पहले लोगों को शिंदे के नेतृत्व वाले गुट का अलग से ज़िक्र करना पड़ता था, लेकिन 'अब कोई गुट नहीं बचा है, और सिर्फ़ एक ही शिवसेना है, जिसके प्रमुख एकनाथ शिंदे हैं।'
 
शिवसेना (यूबीटी) संकट का सामना कर रही है, क्योंकि माना जा रहा है कि कम से कम छह लोकसभा सांसदों ने ठाकरे के खिलाफ बगावत कर दी है और उनके सत्ताधारी शिवसेना में शामिल होने की संभावना है।

अमित शाह ने कहा कि आज महाराष्ट्र की इस पवित्र भूमि पर, माता अंबाबाई का निवास स्थान यहां है, इस कोल्हापुर में हम सब एक बहुत अच्छे काम के लिए एकत्र हुए हैं। जहां पर माता अंबाबाई स्वयं सैकड़ों निवास करती है, उस करवीरनगर ने माता अंबाबाई के मंदिर का आज महाराष्ट्र सरकार जीर्णोद्धार और कॉरिडोर निर्माण का काम कर रही है।

अमित शाह ने कहा कि ये प्रभु राम की कृपा है कि साल 2014 में भाजपा सरकार बनी, मोदी प्रधानमंत्री बने और अयोध्या में भव्य राम मंदिर आज अपनी भगवा ध्वजा के साथ खड़ा हुआ है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम का पुनर्निर्माण और सोमनाथ का मंदिर फिर से सोने का बन रहा है, मां कामख्या का कॉरिडोर बन रहा है और अब अंबाबाई का कॉरिडोर बनाने का काम शुरू हो गया है।

अमित शाह ने कहा कि इस संस्कृति का पुनर्जागरण पूरे देश में विकास भी-विरासत भी के मंत्र के तहत हो रहा है। सभी ज्योतिर्लिंग और शक्तिपीठ महाराष्ट्र में पुनर्निर्मित हो रहे हैं। यह हम सबके लिए बहुत गौरव का विषय है।

अमित शाह ने कहा कि अभी-अभी मोदी जी ने एक रिकॉर्ड बनाया है। देश में सबसे लंबे समय तक चुने हुए प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड उन्होंने बनाया है। जब आज़ाद भारत का इतिहास लिखा जाएगा, तब इन 12 वर्षों को भारत के विकास, भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण, सुरक्षित भारत के निर्माण और विश्वभर में भारत के बढ़ते सम्मान के स्वर्णिम काल के रूप में याद किया जाएगा।

अमित शाह ने कहा कि 12 वर्षों के दौरान मोदी के नेतृत्व में सोमनाथ से लेकर गंगासागर तक और पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी तथा राजग के विस्तार का कार्य हुआ है। लोग कहा करते थे कि आप देश के हर हिस्से तक पहुंच जाएंगे, लेकिन पश्चिम बंगाल का क्या होगा? पिछले चुनाव में पश्चिम बंगाल की जनता ने भी भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद और समर्थन प्रदान किया है।

About The Author: News Desk