22 लोकसभा सांसद बागी तृणकां खेमे में हैं: काकोली घोष दस्तीदार

चुनावी हार के बाद तृणकां में भूचाल

Photo: KakoliGhoshDastidarMP FB Page

कोलकाता/दक्षिण भारत। बागी तृणकां सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने रविवार को कहा कि दो और सांसद बागी गुट में शामिल होने वाले हैं, जिससे लोकसभा में इस गुट की संख्या 22 हो जाएगी।

नई दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले कोलकाता हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए घोष दस्तीदार ने कहा कि बागी सांसद सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलेंगे और एक अलग संसदीय गुट के तौर पर मान्यता की मांग करेंगे।

घोष दस्तीदार ने कहा, 'हम एक बैठक के लिए दिल्ली जा रहे हैं। हमारे साथ 22 सांसद हैं। लोकसभा अध्यक्ष ने हमें समय दिया है। हम सोमवार को उनसे मिलेंगे और एक अलग गुट के तौर पर मान्यता की मांग करेंगे।'

हालांकि उन्होंने दो और सांसदों की पहचान का खुलासा नहीं किया, लेकिन घोष दस्तीदार ने कहा कि उनके नाम तब बताए जाएंगे जब वे औपचारिक रूप से खेमे में शामिल हो जाएंगे।

उन्होंने कहा, 'पिछले चार-पांच सालों में पश्चिम बंगाल के हालात के खिलाफ़ जिन्होंने ईमानदारी से अपनी राय रखी है, वे हमारे संपर्क में हैं। अब हमारी संख्या 22 हो गई है।' बागी गुट के सूत्रों ने बताया कि इस समूह की बैठक, जो पहले कोलकाता में होनी थी, अब दिल्ली में होगी।

एक सूत्र ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के बैठक में शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन दीघा-शंकरपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी के एक आधिकारिक काम की वजह से उनके राष्ट्रीय राजधानी जाने की संभावना कम है।
 
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के बाद तृणकां में जारी उथल-पुथल के बीच यह ताज़ा दावा सामने आया है। इस हफ़्ते की शुरुआत में पार्टी के लोकसभा सांसदों के बीच फूट साफ़ तौर पर दिखाई दी, जब बागी सांसदों ने ममता बनर्जी के नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से अलग रुख अपना लिया।

About The Author: News Desk