वॉशिंगटन/इस्लामाबाद/दक्षिण भारत। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए रविवार को एक समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे और इसके तुरंत बाद रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज जलडमरूमध्य सभी के लिए खोल दिया जाएगा।
ट्रंप की ये टिप्पणियां पाकिस्तान के उस संकेत के कुछ घंटों बाद आईं, जिसमें कहा गया था कि अमेरिका और ईरान बातचीत के आखिरी चरण में हैं और समझौते के लिए इलेक्ट्रॉनिक हस्ताक्षर समारोह रविवार को होना है।
हालांकि, बताई गई समय-सीमा पर ईरान की ओर से कोई तत्काल टिप्पणी नहीं आई है।
ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में कहा, 'यह डील कल साइन होने वाली है। इसके साइन होते ही होर्मुज जलडमरूमध्य सभी के लिए खुल जाएगा।' यह महीनों के टकराव और बातचीत के बाद एक बड़ी कूटनीतिक कामयाबी का संकेत है।
साथ ही, ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर समझौता उम्मीद के मुताबिक नहीं हुआ तो नए हमले हो सकते हैं।
उन्होंने कहा, 'हम ईरान और पूरे मध्य पूर्व के साथ लंबे समय तक काम करने के लिए उत्सुक हैं। उम्मीद है कि यह प्रक्रिया जल्दी, आसानी से और सुचारु रूप से पूरी हो जाएगी। अगर ऐसा नहीं होता है, तो हमारे पास एक आखिरी विकल्प भी है, जिसका इस्तेमाल दोबारा कभी न करना पड़े, ऐसी उम्मीद है।'
अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रस्तावित समझौते की तुलना पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में हुई 'जॉइंट कॉम्प्रिहेंसिव प्लान ऑफ़ एक्शन' से भी की।
'बराक हुसैन ओबामा की ईरान के साथ हुई डील, यानी जेसीपीओए, परमाणु हथियार हासिल करने का एक आसान, शानदार और सीधा रास्ता था; अगर यह डील होती, तो ईरान के पास छह साल पहले ही परमाणु हथियार आ गए होते और वह अब तक उनका इस्तेमाल भी कर चुका होता।'
उन्होंने कहा, 'ईरान के साथ मेरा समझौता बिल्कुल इसके उलट है— परमाणु हथियार न होने की पक्की गारंटी! असल में, अब वे परमाणु हथियार न तो चाहते हैं और न ही उनके पास कोई परमाणु हथियार होगा— चाहे उसे खरीदा जाए, विकसित किया जाए या किसी भी अन्य तरीके से हासिल किया जाए।'
ट्रंप ने आगे दावा किया कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से बेअसर कर दिया गया है और कहा कि बाकी बचे परमाणु सामग्री को बाद के चरण में ठिकाने लगा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, 'सही समय आने पर, जब सब कुछ शांत होगा, तो हम अपने शानदार बी-2 बॉम्बर्स और उनके बेहतरीन पायलटों की मदद से अंदर जाकर ग्रेनाइट के विशाल डूबे हुए पहाड़ों के नीचे दबी न्यूक्लियर डस्ट को निकालेंगे और उसे ईरान या अमेरिका, कहीं भी, डाउनब्लेंड करके नष्ट कर देंगे।'
इससे पहले, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा था कि अमेरिका-ईरान शांति समझौते को अगले 24 घंटों में अंतिम रूप दिया जा सकता है, क्योंकि इस्लामाबाद ने संकेत दिया था कि रविवार को एक इलेक्ट्रॉनिक हस्ताक्षर समारोह होने की उम्मीद है।
उप-प्रधानमंत्री इशाक डार और सऊदी विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान के बीच टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद, शनिवार को विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में इसके संकेत मिले।
उन्होंने अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत के अंतिम चरण का स्वागत किया, जिसके तहत कल (रविवार) इलेक्ट्रॉनिक हस्ताक्षर समारोह होना है। साथ ही, उन्होंने उम्मीद जताई कि यह अहम घटनाक्रम क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता लाने में योगदान देगा।
बयान में कहा गया है कि सऊदी विदेश मंत्री ने पूरी प्रक्रिया के दौरान मध्यस्थता और बातचीत के समर्थन में पाकिस्तान की 'लगातार और निरंतर कोशिशों' की सराहना की।
दोनों नेताओं ने इस महीने के आखिर में मिस्र में होने वाली 'रीजनल फोर फॉरेन मिनिस्टर्स' (आर-4) की आगामी बैठक पर भी चर्चा की।