प. बंगाल: पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के आवास पर छापेमारी की

बढ़ती जा रहीं बनर्जी की मुश्किलें

Photo: AbhishekBanerjeeOfficial FB Page

कोलकाता/दक्षिण भारत। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हलचल मचाने वाले एक नाटकीय घटनाक्रम में, शनिवार तड़के पुलिस और केंद्रीय बलों की एक बड़ी टुकड़ी ने पश्चिम मेदिनीपुर ज़िले के एक पुलिस थाने में दर्ज मामले के सिलसिले में तृणकां के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर छापा मारा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह घटनाक्रम पश्चिम बंगाल सीआईडी द्वारा राज्य विधानसभा से जुड़े कथित जाली हस्ताक्षर मामले में बनर्जी से पूछताछ करने के ठीक दो दिन बाद और कई जांच एजेंसियों द्वारा उन्हें लगातार नए समन भेजे जाने के बीच हुआ है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम मेदिनीपुर के सालबोनी पुलिस स्टेशन और कोलकाता पुलिस के अधिकारियों समेत पुलिस की टीमें तड़के 3 बजे के कुछ ही देर बाद बनर्जी के पटुआपाड़ा स्थित आवास के बाहर पहुंचीं।
 
केंद्रीय बल के जवानों ने परिसर के बाहर मोर्चा संभाला, जबकि पुलिस अधिकारियों ने घर में घुसने की कोशिश की। तृणकां ने आरोप लगाया कि पुलिस टीमों ने ताला तोड़कर बनर्जी के परिसर में प्रवेश किया।

पुलिस की अचानक कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद, पूर्व मुख्यमंत्री एवं तृणकां प्रमुख ममता बनर्जी तुरंत अभिषेक के घर पहुंचीं। 

यह ऑपरेशन चार घंटे से ज़्यादा समय तक चला और पुलिसकर्मी सुबह भी परिसर के अंदर ही मौजूद रहे। आज सुबह कई अधिकारियों को बनर्जी के घर से बाहर आते और घर में दोबारा जाने से पहले बाहर बातचीत करते देखा गया। 

घर से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने ताला तोड़कर पूरे घर की तलाशी ली। हालांकि, अधिकारियों ने तुरंत यह साफ़ नहीं किया कि यह ऑपरेशन किस खास मामले के सिलसिले में चलाया गया था। 

About The Author: News Desk