चेन्नई/दक्षिण भारत। तमिलनाडु में गुरुवार से अगले तीन-चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के और आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 15 से ज़्यादा ज़िलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
गुरुवार को यहां के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की एक ताज़ा रिपोर्ट में कहा गया है कि तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, नीलगरि, कोयंबटूर, इरोड, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णगिरि, तिरुपत्तूर, वेल्लोर, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कल्लाकुरिची, थेनी, डिंडीगुल, कुड्डालोर और मयिलादुथुराई ज़िलों के पश्चिमी घाट वाले इलाकों में तेज़ हवाओं (40-50 किमी/घंटा की रफ़्तार) के साथ भारी बारिश, आंधी-तूफ़ान और बिजली गिरने की संभावना है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारी बारिश के कारण तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल इलाकों में 11 मई से 14 मई के बीच अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी।
मौसम विभाग ने चेन्नई के लिए गर्म और उमस भरे मौसम का अनुमान लगाया है। हालांकि, शाम या रात के समय गरज-चमक और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
तिरुनेलवेली के ऊथु में पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे ज़्यादा 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, इसके बाद नीलगिरि के विंट वर्थ एस्टेट में इसी दौरान नौ सेंटीमीटर बारिश हुई।
हालांकि, बुधवार को चेन्नई में सबसे ज़्यादा अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।