पीओके में पाकिस्तानी फौज का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, सवार सभी लोगों की मौत

पाकिस्तान में आतंकवादी हमले भी लगातार हो रहे

Photo: ISPR

इस्लामाबाद/दक्षिण भारत। पाकिस्तानी फौज का एमआई-17 हेलीकॉप्टर बुधवार को पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर में मुज़फ़्फ़राबाद के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उसमें सवार सभी लोगों की मौत हो गई। 

पाकिस्तानी फौज की मीडिया विंग, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने कहा, 'कोई भी जीवित नहीं बचा।' हालांकि उसने मारे गए लोगों की संख्या नहीं बताई।
 
एक संक्षिप्त बयान में कहा गया कि यह दुर्घटना टेक-ऑफ के दौरान तकनीकी खराबी के कारण हुई।

पुलिस के काफिले पर ड्रोन से हमला

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में अज्ञात आतंकवादियों ने पुलिस के काफिले पर ड्रोन से हमला किया, जिसमें सात पुलिसकर्मी घायल हो गए।

अधिकारियों के अनुसार, अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के करक ज़िले में क्वाडकॉप्टर का इस्तेमाल करके काफिले पर हमला किया गया।

अब तक किसी व्यक्ति या समूह ने हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है।

अफ़ग़ानिस्तान में हवाई हमले किए, 26 लोगों की मौत

पाकिस्तान ने बुधवार को कहा कि उसने अफ़गानिस्तान में कथित आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाकर रातभर सटीक और नपे-तुले हवाई हमले किए और 26 लोगों को मार गिराया।

सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार का यह बयान अफ़गान सरकार के उस दावे के कुछ घंटों बाद आया, जिसमें कहा गया था कि पाकिस्तान के हवाई हमलों में रातभर चले हमले के दौरान कई लोग मारे गए।

पिछले साल अक्टूबर के बाद से यह तीसरी बार है जब दोनों देशों के बीच सशस्त्र संघर्ष हुआ है।

About The Author: News Desk