कोच्चि/दक्षिण भारत। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पी विजयन की बेटी वीणा टी को इस हफ़्ते मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि वीणा को 12 जून को यहां केंद्रीय एजेंसी के ज़ोनल ऑफ़िस में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। उनके आने पर प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज किया जाएगा।
पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, माना जा रहा है कि एजेंसी ने कुछ अन्य लोगों को भी समन भेजा है। यह जांच केरल की रेत खनन कंपनी 'कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड' (सीएमआरएल) और वीणा की अब बंद हो चुकी कंपनी 'एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड' के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के मामले से जुड़ी है।
ईडी ने पिछले महीने तिरुवनंतपुरम में विजयन के किराए के घर में रहने वाली वीणा के यहां और कुछ अन्य जगहों पर छापेमारी की थी।
ईडी की जांच उस आरोप से जुड़ी है, जिसमें कहा गया है कि सीएमआरएल ने आईटी कंसल्टेंसी सर्विस के नाम पर एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस को 2.78 करोड़ रुपए का फ़र्ज़ी पेमेंट किया था।
ईडी के अनुसार, सीएमआरएल के एमडी द्वारा चलाई जा रही एक और कंपनी 'एम्पावर इंडिया कैपिटल इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड' ने भी 'एक्सलॉजिक' को 50 लाख रुपए का लोन दिया, जबकि 'एक्सलॉजिक' समय पर लोन नहीं चुका पा रही थी।
एजेंसी का दावा है कि सीएमआरएल के मैनेजमेंट और वीणा ने इस प्रक्रिया में अपराध से कमाई की थी।