नई दिल्ली/दक्षिण भारत। एक बहु-एजेंसी अभियान में, एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जिसके कथित तौर पर 'डी-कंपनी' के एक गुर्गे और पाकिस्तान की आईएसआई से संबंध हैं। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि संदिग्ध हुज़ैफ़ा, मुंबई के अंडरवर्ल्ड के एक अहम व्यक्ति मुन्ना झिंगाड़ा का करीबी सहयोगी बताया जाता है। माना जाता है कि मुन्ना झिंगाड़ा कराची से अपनी गतिविधियां चला रहा है। हुज़ैफ़ा को केंद्रीय एजेंसियों और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के एक संयुक्त अभियान में गिरफ़्तार किया गया।
जांच एजेंसियां मुंबई के अंडरवर्ल्ड और पाकिस्तान की आईएसआई के बीच कथित सांठगांठ की जांच कर रही हैं। हाल में, उन्होंने इस मामले के सिलसिले में मुंबई में कई जगहों पर समन्वित तलाशी और छापेमारी की थी।
पुलिस सूत्र ने कहा, 'जांच से पता चला है कि हुजैफा को झिंगाड़ा ने एक काम सौंपा था, जिसका उद्देश्य देश में डर फैलाना और दहशत पैदा करना था।'
हुज़ैफ़ा को गुरुवार को अदालत में पेश किए जाने की उम्मीद है। स्पेशल सेल प्रोडक्शन वारंट के ज़रिए उसकी हिरासत की मांग कर सकती है।