कोलकाता/दक्षिण भारत। पश्चिम बंगाल सरकार ने सोमवार को सभी मार्गों पर राज्य द्वारा संचालित बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा शुरू की, जिससे उनमें खुशी की लहर दौड़ गई।
सुबह के व्यस्त समय में काम पर जाने वाली महिलाओं ने मांग की कि सरकारी बसों की संख्या बढ़ाई जाए।
पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में भाजपा द्वारा किए गए वादे के अनुरूप, सुवेंदु अधिकारी सरकार ने सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की शुरुआत की है।
बालीगंज स्टेशन से मध्य कोलकाता में पार्क स्ट्रीट स्थित अपने काम की जगह के लिए बस में चढ़ी एक महिला ने कहा, 'मैं खुश हूं, लेकिन सरकारी बसों की संख्या बढ़ाने की ज़रूरत है।'
उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद से सरकारी बसों की संख्या में भारी कमी आई है। एक और महिला ने कहा, 'पिछले कुछ सालों में सरकार द्वारा संचालित कई बस रूट बंद हो गए हैं, जिससे यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।'
सिलीगुड़ी से कूच बिहार तक नॉर्थ बंगाल स्टेट ट्रांसपोर्ट कंपनी की बस से अपनी दो बेटियों के साथ यात्रा कर रहीं एक महिला ने कहा कि इस योजना की वजह से उनके पैतृक गांव तक की लगभग 170 किलोमीटर की यात्रा आसान हो जाएगी।
सरकार ने 1 जून से पश्चिम बंगाल परिवहन निगम, दक्षिण बंगाल राज्य परिवहन निगम और उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम की सभी बसों में महिलाओं के लिए यात्रा मुफ्त कर दी है।
इस कदम का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तीकरण को बढ़ावा देना और परिवहन सुविधाओं तक उनकी पहुंच को बेहतर बनाना है।
राज्य सरकार ने कहा है कि वह लाभार्थियों की तस्वीरों और नामों के साथ डिजिटल स्मार्ट कार्ड जारी करेगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इस योजना का कोई दुरुपयोग न हो।