मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के एक दिन बाद सिद्दरामय्या दिल्ली में राहुल गांधी से मिले

बैठक के दौरान सोनिया गांधी मौजूद नहीं थीं

Photo: @siddaramaiah X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के एक दिन बाद कांग्रेस नेता सिद्दरामय्या ने शुक्रवार सुबह सोनिया गांधी के 10, जनपथ स्थित आवास पर राहुल गांधी से मुलाक़ात की। उनके साथ उनके बेटे यतींद्र भी थे।

इस बैठक को महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि राज्यसभा सीट को पहले ही ठुकराने के बाद सिद्दरामय्या कांग्रेस नेतृत्व के साथ अपने भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे। सिद्दरामय्या ने यह भी कहा है कि वे कर्नाटक में ही रहना चाहते हैं और केंद्र में कोई भूमिका निभाने के इच्छुक नहीं हैं।

सूत्रों ने बताया कि सिद्दरामय्या केवल राहुल गांधी से मिले, क्योंकि बैठक के दौरान सोनिया गांधी मौजूद नहीं थीं। सूत्रों के अनुसार, सिद्दरामय्या ने राज्य की सेवा करने का अवसर देने के लिए राहुल गांधी का धन्यवाद किया और उन्हें बताया कि निर्देशानुसार उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।

उन्होंने बताया कि सिद्दरामय्या के भी कर्नाटक की नई कैबिनेट में अपने बेटे और वफादारों के लिए जगह मांगने की संभावना है, जिसमें उपमुख्यमंत्री का पद भी शामिल है। सूत्रों के अनुसार, सिद्दरामय्या ने बाद में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की और कर्नाटक में नई सरकार के गठन तथा पार्टी में अपनी भविष्य की भूमिका पर चर्चा की। 

कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला, जो सिद्दरामय्या की राहुल गांधी के साथ एक घंटे चली बैठक के दौरान मौजूद थे, ने कहा, 'यह एक बहुत ही सुखद बैठक थी। उन्होंने कई मुद्दों पर चर्चा की।'
 
यह पूछे जाने पर कि क्या कर्नाटक में सत्ता का हस्तांतरण सुचारु रूप से होगा, उन्होंने कहा, 'बिल्कुल। राज्य में सत्ता के सुचारु हस्तांतरण में कोई बाधा नहीं है।'
 
कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने गुरुवार को औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद से सिद्दरामय्या का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। 
 
सूत्रों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, जिनके कर्नाटक के मुख्यमंत्री का पद संभालने की संभावना है, सरकार गठन को लेकर कांग्रेस के संगठन प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ अलग से चर्चा करेंगे।

सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस कर्नाटक में पार्टी संगठन को फिर से व्यवस्थित करने पर भी काम करेगी, जिसके लिए शुक्रवार को चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि कर्नाटक में नए मुख्यमंत्री का चुनाव करने के लिए शनिवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक होने की संभावना है। दो बार मुख्यमंत्री रह चुके सिद्दरामय्या जद (एस) छोड़कर साल 2006 में कांग्रेस में शामिल हुए थे।

About The Author: News Desk