चंडीगढ़/दक्षिण भारत/भाषा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई का अध्यक्ष घोषित किए जाने के तुरंत बाद केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि साल 2027 के विधानसभा चुनावों के बाद पार्टी पंजाब में सरकार बनाएगी।
पार्टी नेतृत्व को बड़ी जिम्मेदारी सौंपने के लिए धन्यवाद देते हुए 76 वर्षीय ढिल्लों ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनका पहला लक्ष्य पंजाब में भाजपा की सरकार बनाना है।
उन्होंने पंजाब की भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उसने राज्य की जनता से किए गए चुनावी वादे पूरे नहीं किए और वहां ‘गुंडा राज’ कायम है।
उन्होंने कहा, ‘जब पंजाब में हमारी सरकार बनेगी, तब हम इसे हर क्षेत्र में नंबर-1 राज्य बनाएंगे। पश्चिम बंगाल के बाद अब पंजाब में भी कमल खिलेगा।’
भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष ने भारत की ‘तेजी से हो रही प्रगति’ का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया।
आम आदमी पार्टी के इस दावे पर कि पंजाब में भाजपा का कोई आधार नहीं है, ढिल्लों ने कहा, ‘मुझसे लिखकर ले लीजिए, भाजपा पंजाब में (साल 2027 में) अपनी सरकार बनाएगी।'
बरनाला से दो बार कांग्रेस विधायक रह चुके ढिल्लों 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे और बाद में उन्हें पार्टी की पंजाब इकाई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
उन्हें पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है।
सिक्ख समुदाय से आने वाले ढिल्लों, सुनील जाखड़ की जगह लेंगे, जिनका पंजाब भाजपा अध्यक्ष के रूप में तीन साल का कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश भाजपा के कुछ नेता पंजाब इकाई की कमान किसी सिक्ख चेहरे को सौंपने की वकालत कर रहे थे।