फाल्टा: रुझानों में भाजपा ने बनाई शानदार बढ़त

14093 वोटों के अंतर से भाजपा आगे

फाल्टा: रुझानों में भाजपा ने बनाई शानदार बढ़त

Photo: @BJP4India X account

कोलकाता/दक्षिण भारत। पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान के बाद रविवार को मतगणना हो रही है। ताजा रुझानों के अनुसार, यहां भाजपा ने निर्णायक बढ़त बना रखी है।

Dakshin Bharat at Google News
चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, फाल्टा से भारतीय जनता पार्टी के देबांग्शु पांडा सबसे आगे चल रहे हैं। उनके खाते में अब 25438 वोट आ चुके हैं। वे अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 14093 वोटों के अंतर से आगे हैं।

दूसरे स्थान पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के शंभूनाथ कुर्मी हैं। उन्हें अब तक 11345 वोट मिल चुके हैं। कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मोल्ला अब तक महज 2996 वोट ले पाए हैं। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान कहीं टक्कर में नहीं हैं। उन्हें अब तक सिर्फ 1405 वोट मिले हैं। 

निर्दलीय उम्मीदवार चंद्रकांत रॉय को 197 वोट और दीप हाटी को 50 वोट मिले हैं। 150 मतदाताओं ने नोटा पर भरोसा जताया है। यहां से कुल 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। जहांगीर खान ने पहले ही मुकाबले से हटने का ऐलान कर दिया था।

अब तक ईवीएम के 21 राउंड में से 4 राउंड की मतगणना हुई है। जैसे-जैसे नए आंकड़े आएंगे, तस्वीर और ज्यादा स्पष्ट होती जाएगी।

चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 8 बजे वोटों की गिनती शुरू हुई।

दक्षिण 24 परगना ज़िले के इस निर्वाचन क्षेत्र के सभी 285 बूथों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया गया था। इससे पहले, 29 अप्रैल को हुए मतदान को ईवीएम से छेड़छाड़ और अन्य अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था।

पुनर्मतदान में 2.36 लाख मतदाताओं में से 87 प्रतिशत से अधिक ने वोट डाला। आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था को काफी बढ़ा दिया था और सुचारु मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरे निर्वाचन क्षेत्र में केंद्रीय बलों की लगभग 35 टुकड़ियों को तैनात किया था। 

इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदाताओं में 1,21,300 पुरुष, 1,15,135 महिलाएं और नौ तीसरे लिंग के व्यक्ति शामिल हैं। 29 अप्रैल को मतदान के दौरान कई बूथों पर ईवीएम पर परफ्यूम जैसी चीज़ों और टेप के कथित इस्तेमाल की शिकायतें सामने आने के बाद, पूरे निर्वाचन क्षेत्र में तनाव फैल गया था। 

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download