'कॉकरोच पार्टी' भारत को अस्थिर करने की साज़िश का हिस्सा है: राजीव चंद्रशेखर

कहा- 'मोदी सरकार ने भारत को सुरक्षित और मज़बूत बनाए रखा है'

Photo: rajeev_chandrasekhar Instagram

तिरुवनंतपुरम/दक्षिण भारत। केरल भाजपा के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शनिवार को आरोप लगाया कि 'कॉकरोच पार्टी' - सोशल मीडिया पर हाल में सामने आया एक व्यंग्यात्मक डिजिटल समूह - एक सीमा-पार 'प्रभाव अभियान' का हिस्सा है, जिसका मकसद भारत को अस्थिर करना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा उनकी सरकार को निशाना बनाना है।

एक्स पर एक पोस्ट में, चंद्रशेखर ने '#कॉकरोच पार्टी' को एक 'क्लासिक क्रॉस-बॉर्डर इन्फ्लुएंस ऑपरेशन' करार दिया, जिसमें कथित तौर पर विपक्ष के कुछ वर्गों ने मदद की थी।

उन्होंने कहा, 'सोशल मीडिया, बॉट्स, एआई और इसके हथियार के तौर पर इस्तेमाल होने के इस दौर में, 'इन्फ्लुएंस ऑपरेशन्स' (प्रभाव डालने वाले अभियान) नकली, लेकिन देखने में असली लगने वाले नैरेटिव गढ़कर अस्थिरता फैलाने के खतरनाक और असरदार तरीके हैं।'

उन्होंने दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में भारत के उदय और आधुनिकीकरण ने कई देशों और स्वार्थी तत्त्वों के बीच असंतोष पैदा कर दिया है। 

उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, 'मैंने हमेशा यह बात कही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के उदय और उसके आधुनिकीकरण से कई देशों को आपत्ति होगी, और हमारे लगातार हो रहे उदय में कई रुकावटें खड़ी की जाएंगी।'

कोविड-19 महामारी, रूस-यूक्रेन संघर्ष, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव, ऊर्जा संकट और चीनी आक्रामकता जैसे वैश्विक संकटों का ज़िक्र करते हुए, चंद्रशेखर ने कहा कि मोदी सरकार ने आर्थिक विकास सुनिश्चित करते हुए भारत को सुरक्षित और मज़बूत बनाए रखा है।

उन्होंने कहा, 'यही तो सच्चे नेतृत्व की पहचान है और देश तथा दुनिया के सामने मौजूद चुनौतियों के प्रति हमारी एकजुट प्रतिक्रिया ही आज के समय की सही ज़रूरत है।'

उन्होंने यह भी ज़ोर देकर कहा कि 'कोई कॉकरोच, कोई छोटा-मोटा भारतीय विपक्षी नेता, मोदी से नफ़रत करने वाला कोई जोकर, या कोई भी विदेशी स्वार्थी तत्त्व भारत को विकसित भारत बनाने के संकल्प को पटरी से नहीं उतार सकता।'

About The Author: News Desk