मुंबई/दक्षिण भारत। रिज़र्व बैंक ने शुक्रवार को 2025-26 वित्तीय वर्ष के लिए सरकार को रिकॉर्ड 2.87 लाख करोड़ रुपए के डिविडेंड की घोषणा की, जिससे भू-राजनीतिक चुनौतियों के बीच वित्तीय राहत मिली है।
वर्ष 2024-25 के लिए डिविडेंड या अधिशेष हस्तांतरण 2.69 लाख करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2023-24 में किए गए भुगतान से 27.4 प्रतिशत अधिक है। रिज़र्व बैंक ने वर्ष 2023-24 के लिए सरकार को लाभांश के रूप में 2.1 लाख करोड़ रुपए और वर्ष 2022-23 के लिए 87,416 करोड़ रुपए हस्तांतरित किए थे।
डिविडेंड भुगतान पर निर्णय रिज़र्व बैंक के केंद्रीय निदेशक मंडल की 623वीं बैठक में गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में लिया गया।
रिज़र्व बैंक ने एक बयान में कहा, 'जोखिम प्रावधान और वैधानिक कोषों में हस्तांतरण से पहले, शुद्ध आय वित्तीय वर्ष 2024-25 के 3,13,455.77 करोड़ रुपए के मुकाबले वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 3,95,972.10 करोड़ रुपए रही।'
रिज़र्व बैंक की बैलेंस शीट 31 मार्च, 2026 को 20.61 प्रतिशत बढ़कर 91,97,121.08 करोड़ रुपए हो गई।