'सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को 45 दिनों में ज़मीन सौंपने के लिए प्रतिबद्ध है प. बंगाल'

मंत्री अशोक कीर्तनिया बोले ...

Photo: ashok_kirtania Instagram

बनगांव/दक्षिण भारत। पश्चिम बंगाल के मंत्री अशोक कीर्तनिया ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए 45 दिनों के भीतर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को ज़मीन सौंपने के लिए प्रतिबद्ध है।

उत्तर 24 परगना ज़िले की बनगांव उत्तर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कीर्तनिया ने यह टिप्पणी ज़मीन अधिग्रहण की प्रगति की समीक्षा करने और ज़मीनी स्तर पर हो रहे विकास कार्यों का जायज़ा लेने के लिए बीएसएफ के अधिकारियों से मुलाक़ात करने के वास्ते अपने निर्वाचन क्षेत्र का दौरा करने के बाद की।

उन्होंने कहा कि उत्तर 24 परगना ज़िले के अधिकांश हिस्सों में ज़मीन अधिग्रहण का काम संतोषजनक ढंग से आगे बढ़ रहा है, लेकिन उन्होंने बसीरहाट क्षेत्र में इसका विरोध होने की बात भी कही।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि राज्य सरकार ने बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को ज़मीन हस्तांतरित करने का फ़ैसला किया है।

सुवेंदु अधिकारी ने पहली कैबिनेट बैठक में ही यह फैसला ले लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि 45 दिनों के भीतर राज्य की सीमाओं पर बाड़ लगाने के लिए ज़मीन सौंप दी जाएगी। 

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली तृणकां कांग्रेस सरकार ने घुसपैठ को बढ़ावा देने के लिए ज़मीन रोक रखी थी।

सीमा पर बाड़ लगाने के फैसले से बांग्लादेश में खलबली मची हुई है। बांग्लादेशी प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार एम हुमायूं कबीर ने कहा कि 'बांग्लादेश कंटीले तारों से नहीं डरता। जहां हमें बोलने की जरूरत होगी, हम बोलेंगे। सीमा सुरक्षा के मुद्दों पर ज्यादा मानवीय रवैया अपनाना होगा।'

About The Author: News Desk