साझा करने का विज्ञान है 'आर्ट ऑफ गिविंग'

'फल तुम्हारा अधिकार नहीं, कर्म तुम्हारा अधिकार है'

'देने का कर्म अपने आप में पूर्ण है'

डॉ. अच्युत सामंत

एक प्रश्न है जिसने सदियों से दार्शनिकों, संतों और वैज्ञानिकों को समान रूप से सोचने पर मजबूर किया है। प्रश्न इतना सरल है कि कोई बच्चा भी पूछ सकता है-आख़िर देने से अच्छा क्यों लगता है? यह अच्छा लगना वैसा नहीं है जैसा कुछ पाने पर होता है। पाने का सुख क्षणिक होता है, वस्तु मिलते ही उसका आकर्षण धीरे-धीरे कम होने लगता है। लेकिन देने से जो अनुभूति होती है, वह बिल्कुल अलग होती है। वह एक शांत, स्थायी और गहरी ऊष्मा होती है, जो लंबे समय तक मन में बनी रहती है। ऐसा संतोष जो बदले में कुछ नहीं मांगता और आश्चर्य की बात यह कि जो हमें खाली नहीं, बल्कि और अधिक पूर्ण बना देता है।

हर सभ्यता ने इस प्रश्न का उत्तर खोजने की कोशिश की है और लगभग हर सभ्यता एक ही निष्कर्ष पर पहुंची है। श्रीमद्भगवद्गीता इसे निष्काम कर्म कहती है- फल की इच्छा के बिना कर्म करना। दें और फिर उसे भूल जाएं- छोड़ दें। इस अपेक्षा से न दें कि बदले में कुछ मिलेगा या लोग आपको देखेंगे और सराहेंगे। दें, क्योंकि देना उस आत्मा का स्वाभाविक गुण है, जिसने ब्रह्मांड में अपना स्थान समझ लिया है। श्रीकृष्ण कहते हैं, फल तुम्हारा अधिकार नहीं, कर्म तुम्हारा अधिकार है और देने का कर्म अपने आप में पूर्ण है।

गौतम बुद्ध ने तो उदारता यानी दान को ध्यान, अनुशासन और ज्ञान से भी पहले रखा, क्योंकि जो हाथ केवल संग्रह करना जानते हैं, वे ध्यान नहीं कर सकते। जो हृदय हर चीज़ से चिपका रहता है, वह कभी शांत नहीं हो सकता। उदारता कोई ऐसा गुण नहीं जो ज्ञान प्राप्ति के बाद आता हो, वह तो ऐसा द्वार है जिससे ज्ञान भीतर प्रवेश करता है। कुरान में सदक़ा को केवल दान नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि कहा गया है। जो तुम देते हो वह पवित्र नहीं होता, बल्कि उसे छोड़कर तुम स्वयं अधिक निर्मल हो जाते हो। यहूदी परंपरा में त्ज़ेदकाह दया नहीं बल्कि न्याय है। साझा करना कोई विशेष उदारता नहीं, यह उस संतुलन की पुनर्स्थापना है जिसे संग्रह करने की प्रवृत्ति ने बिगाड़ दिया है।

और अब, इन शिक्षाओं के लगभग ढाई हजार वर्ष बाद, आधुनिक विज्ञान भी उसी निष्कर्ष तक पहुंच गया है। अमेरिका के नेशनल इंस्टीट्यूट्स ऑफ हेल्थ के शोध बताते हैं कि जब कोई व्यक्ति दूसरों को कुछ देता है, तो मस्तिष्क का वही भाग सक्रिय हो जाता है जो भोजन, संगीत या प्रिय व्यक्ति के चेहरे को देखकर सक्रिय होता है। शरीर में ऑक्सीटोसिन और एंडोर्फिन जैसे रसायन बढ़ते हैं, जबकि तनाव का हार्मोन कॉर्टिसोल घटता है, अर्थात् देने वाला व्यक्ति केवल मानसिक रूप से नहीं, बल्कि शारीरिक रूप से भी अधिक स्वस्थ होता है। मार्टिन सेलिंगमैन ने अपने शोध में पाया कि उदारता मानव जीवन की स्थायी प्रसन्नता का सबसे विश्वसनीय आधार है। प्राचीन लोग यह सब बिना प्रयोगशालाओं के जानते थे। उन्होंने जीवन को देखा और समझा। उन्होंने उस किसान को देखा जो अपना अनाज बांटता था और बदले में यह पाया कि उसके खेत कभी सूखे नहीं। उन्होंने उस मां को देखा जो पूरे मोहल्ले के बच्चों को खिलाती थी और बदले में पाया कि उसके अपने बच्चे कभी भूखे नहीं रहे। उन्होंने उस साधु को देखा जिसके पास कुछ नहीं था। फिर भी उसे किसी चीज़ की कमी नहीं थी और उन्होंने निष्कर्ष निकाला- साझा करने से कुछ घटता नहीं, बल्कि बढ़ता है।

मैंने यह शिक्षा न शास्त्रों से सीखी, न विज्ञान से। मैंने इसे एक कप चाय से सीखा था। उड़ीसा के कलराबंक गांव में मेरा बचपन अत्यंत गरीबी में बीता था। चार वर्ष की आयु में पिता का निधन हो गया था। मां ने सात बच्चों को पाला। कई दिन ऐसे होते थे जब खाने को भी कुछ नहीं होता था। पांच वर्ष की आयु से मैंने छोटे-मोटे काम करने शुरू किए। जो कुछ कमाता, उसे दोस्तों के साथ बांट देता- चाय, नाश्ता, कभी फिल्म का टिकट। तब मुझे निष्काम कर्म शब्द नहीं पता था। मैंने गीता नहीं पढ़ी थी, पर एक बच्चे की सहज समझ से इतना जानता था कि बांटने से चाय का स्वाद बेहतर हो जाता है, साथ चलने से रास्ता हल्का लगता है और गरीबी भी कम भारी प्रतीत होती है।
वही भावना आगे चलकर कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (कीट) विश्वविद्यालय के रूप में साकार हुई। यह पांच हजार रुपए और दो किराए के कमरों से शुरू हुआ विश्वविद्यालय है। वही भावना कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सांइस (कीस) बनी, जो अस्सी हजार आदिवासी बच्चों का घर और विद्यालय है; और वर्ष 2013 में वही भावना आर्ट ऑफ गिविंग बन गई। आर्ट ऑफ गिविंग कोई संगठन नहीं, बल्कि एक अनुभूति है। यह समझ कि देने की इच्छा हर मनुष्य के भीतर पहले से मौजूद है। वह उस दादी में है जो सुबह पक्षियों को दाना खिलाती है। उस ऑटो चालक में है जो बुज़ुर्ग यात्री से किराया नहीं लेता। उस छात्र में है जो अपने कमजोर सहपाठी को पढ़ाने के लिए रुक जाता है। यह भावना हर जगह है, उसे केवल अभिव्यक्ति की अनुमति चाहिए। आज, तेरह वर्षों बाद आर्ट ऑफ गिविंग को दुनिया के 220 देशों में दो करोड़ से अधिक लोग मनाते हैं। वर्ष 2026 को संयुक्त राष्ट्र ने सस्टेनेबल डेवलपमेंट के लिए स्वयंसेवा का अंतरराष्ट्रीय वर्ष घोषित किया है और आर्ट ऑफ गिविंग को इस अभियान में सहयोगी बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। इस वर्ष का विषय है- 'शेयर टू साइन'। इसका अर्थ केवल धन देना नहीं है। इसका अर्थ है- जो तुम हो, उसे साझा करना। अपना समय, अपना ज्ञान, अपनी शांति, अपना ध्यान, अपनी उपस्थिति। किसी ऐसे व्यक्ति के साथ जो शायद चुपचाप उसकी प्रतीक्षा कर रहा हो।

उपनिषदों की एक पंक्ति मुझे वर्षों से प्रेरित करती रही है- ‘पूर्णमदः पूर्णमिदम्’ अर्थात् वह पूर्ण है, यह पूर्ण है। पूर्ण में से पूर्ण निकाल लेने पर भी पूर्ण ही शेष रहता है। ‘साझा’ करने का इससे सुंदर वर्णन शायद कभी नहीं लिखा गया। जब आप पूर्णता से देते हैं, तब कुछ कम नहीं होता। दीपक दूसरे दीपक को जलाता है, पर उसकी लौ कम नहीं होती। कमरा केवल अधिक प्रकाशमय हो जाता है। यह केवल दर्शन नहीं है। यह विज्ञान है, यह जीवविज्ञान है और यह हर उस मनुष्य का अनुभव है जिसने बिना गिने, बिना अपेक्षा के कुछ दिया और आश्चर्य उसे तब लगा, जब उसने पाया कि उसके पास पहले से अधिक बचा है।

- लेखक कीट, कीस व आर्ट ऑफ गिविंग पहल के संस्थापक, समाजसेवी एवं पूर्व सांसद हैं।

About The Author: News Desk