गुवाहाटी/दक्षिण भारत। हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वे लगातार दूसरी बार इस पद पर पहुंचे हैं।
चार विधायकों, भाजपा के रामेश्वर तेली और अजंता नेओग, एजीपी के अतुल बोरा तथा बीपीएफ के चरण बोरो, ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुवाहाटी के खानापारा इलाके में स्थित वेटरनरी ग्राउंड में आयोजित एक भव्य समारोह में सरमा और चार विधायकों को पद की शपथ दिलाई।
57 वर्षीय सरमा राज्य के पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी नेता हैं, जिन्होंने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री का पदभार संभाला है। नियोग, बोरा और बोरो सरमा के पहले मंत्रिमंडल के सदस्य थे, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री तेली राज्य की राजनीति में लौट आए।
यह राज्य में तीसरी राजग सरकार होगी। यह गठबंधन पहली बार साल 2016 में, वर्तमान केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में सत्ता में आया था।
पिछली सरकार में नियोग वित्त मंत्री थे, जबकि बोरा कृषि विभाग संभाल रहे थे। बोरो के पास परिवहन मंत्रालय था। अधिकारियों ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के पंचायत अध्यक्षों और सदस्यों सहित एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
शपथग्रहण समारोह के मद्देनजर गुवाहाटीभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और केंद्रीय तथा राज्य पुलिस स्थिति पर नज़र रख रही है। वहीं, कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का समन्वय मुख्य सचिव रवि कोटा के निर्देशों के तहत विभिन्न विभागों द्वारा किया गया।
राजग ने 126 सदस्यों वाली विधानसभा में रिकॉर्ड 102 सीटें जीतकर राज्य में सत्ता हासिल की। इसमें भाजपा ने 82 सीटें जीतीं, जबकि उसके गठबंधन सहयोगी एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीटें अपने नाम कीं।