चेन्नई/दक्षिण भारत। टीवीके के प्रमुख एवं पार्टी के विधायक दल के नेता सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ ने यहां नेहरू स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
टीवीके कार्यकर्ताओं के लगातार सीटी बजाने के बीच और कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में, विजय ने ईश्वर के नाम पर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली; और निवर्तमान द्रमुक सरकार के अधिकांश मंत्रियों के विपरीत, उनके मंत्रियों ने भी ईश्वर के नाम पर ही शपथ ग्रहण की।
टीवीके नेता आधव अर्जुन, एन आनंद और केए सेनगोट्टैयन समेत अन्य ने विजय के नेतृत्व वाली कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ली।
विजय को शनिवार को राज्यपाल ने मुख्यमंत्री नियुक्त किया था। इसके साथ ही उनके लिए शपथ लेने का रास्ता साफ हो गया था। उनकी पार्टी ने तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत का जादुई आंकड़ा (118 सीटें) पार करने के लिए ज़रूरी समर्थन हासिल कर लिया है, जिससे इस दक्षिणी राज्य में सरकार गठन को लेकर पिछले कई दिनों से बनी अनिश्चितता समाप्त हो गई।
करीब 70 सालों में पहली गैर-द्रमुक और गैर-अन्नाद्रमुक सरकार बनाने के लिए ज़रूरी संख्या जुटाने के वास्ते कई दिनों तक चली गहन बातचीत के बाद, विजय आखिरकार शनिवार को विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के चार विधायकों का समर्थन हासिल करने में कामयाब रहे।
इसके बाद, वे लोक भवन गए, जहां उन्होंने सरकार गठन पर चर्चा करने के लिए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के साथ चार दिनों में अपनी चौथी बैठक की। इसके बाद राज्यपाल ने विजय को मुख्यमंत्री नियुक्त किया और उन्हें मंत्रिमंडल बनाने के लिए आमंत्रित किया।
टीवीके कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाने के लिए पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटीं और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यालय में जमा हुए। वीसीके और आईयूएमएल ने विजय के नेतृत्व वाले तमिलागा वेट्री कज़गम को बिना शर्त समर्थन दिया। द्रमुक के सहयोगी दलों, जिनमें वीसीके भी शामिल है, ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वे द्रविड़ पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा बने रहेंगे।