प्रधानमंत्री आज हैदराबाद में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे

भाजपा की जनसभा को भी संबोधित करेंगे

Photo: @BJP4India X account

हैदराबाद/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को यहां करीब 9,500 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे या उनकी आधारशिला रखेंगे। इसके बाद भाजपा की एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कर्नाटक और तेलंगाना की अपनी यात्रा का विवरण साझा किया। ये परियोजनाएं सड़क, परिवहन (लॉजिस्टिक्स), कपड़ा, रेलवे और ईंधन सहित कई प्रमुख क्षेत्रों से संबंधित हैं।

प्रधानमंत्री 'सिंधु अस्पताल' को राष्ट्र को समर्पित करने वाले कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, 'शाम को, मैं शहर में भाजपा की एक सभा को संबोधित करूंगा। पिछली बीआरएस और मौजूदा कांग्रेस सरकार के कुशासन से परेशान होकर, तेलंगाना अब भाजपा की ओर देख रहा है। हमें जो ज़बरदस्त समर्थन मिल रहा है, उससे यह साफ़ ज़ाहिर होता है कि तेलंगाना के लिए हमारी पार्टी ही सबसे पहली पसंद है!'

सूत्रों ने बताया कि मोदी हैदराबाद में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और उनके उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के आवासों का दौरा कर सकते हैं। कल्याण, जिनकी अप्रैल में स्वास्थ्य संबंधी जटिलता के चलते सर्जरी हुई थी, फ़िलहाल यहां अपने घर पर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

एक्स पर एक पोस्ट में, कल्याण ने कहा कि तेलंगाना 9,400 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के दौरे का स्वागत करता है।

उन्होंने कहा, 'राज्य में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को मज़बूत करने, युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने और तेलंगाना की प्रगति को गति देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता के लिए मैं राजग की केंद्र सरकार का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं।'

 

About The Author: News Desk