वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार: राहुल गांधी

'दावा किया- निष्पक्ष चुनाव हों तो भाजपा लोकसभा में 140 सीटें भी नहीं जीत पाएगी'

Photo: rahulgandhi FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि लोकसभा में भाजपा का हर छठा सांसद 'वोट चोरी' करके अपनी सीट पर पहुंचा है। उन्होंने पूछा कि क्या उस पार्टी की अपनी ही भाषा में उन्हें 'घुसपैठिया' कहा जाना चाहिए?

राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि अगर निष्पक्ष चुनाव होते हैं तो भाजपा आज लोकसभा में 140 सीटें भी नहीं जीत पाएगी।

उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर कहा, 'वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार। लोकसभा के 240 भाजपा सांसदों में से, मोटे तौर पर हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है।'

उन्होंने कहा, 'पहचानना मुश्किल नहीं - क्या उन्हें भाजपा की भाषा में 'घुसपैठिए' कहें? और हरियाणा? वहां तो पूरी सरकार ही 'घुसपैठिया' है।'

राहुल गांधी ने कहा, 'जो संस्थाएं अपनी जेब में रखते हैं, जो मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया को तोड़-मरोड़ देते हैं - वो ख़ुद 'रिमोट कंट्रोल्ड' हैं। उन्हें असली डर सच्चाई का है, क्योंकि निष्पक्ष चुनाव हो जाएं, तो आज ये 140 के पास भी नहीं जीत सकते।'

About The Author: News Desk