कोलकाता/दक्षिण भारत। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस (तृणकां) की करारी हार हुई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी सीट भी नहीं बचा सकीं। वे भवानीपुर से हार गई हैं। उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुवेंदु अधिकारी ने शिकस्त दी है।
यहां मतगणना शुरू होने से लेकर अंतिम परिणाम आने तक उलट-फेर जारी रहा। कभी सुवेंदु अधिकारी आगे हो जाते, तो कभी ममता बनर्जी बढ़त ले रही थीं । देर शाम अधिकारी के पक्ष में अंतर बढ़ता गया और बनर्जी हार गईं।
चुनाव आयोग द्वारा अब तक जारी किए गए आंकड़ों (जिनमें थोड़ा परिवर्तन संभव है) के अनुसार, सुवेंदु अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी के खाते में 58,812 वोट आए। इस तरह 15,105 वोटों के अंतर से अधिकारी विजयी हुए।
भवानीपुर से 12 उम्मीदवार खड़े हुए थे। यहां सीपीआई (एम) के श्रीजीब बिस्वास तीसरे स्थान पर रहे हैं। उन्हें 3,556 वोट मिले हैं। कांग्रेस का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा है। उसके उम्मीदवार प्रदीप प्रसाद को सिर्फ 1257 वोट मिले हैं। इस सीट से सबसे कम वोट निर्दलीय उम्मीदवार मलय गुहा रॉय के खाते में (68) आए हैं। 829 मतदाताओं ने नोटा पर भरोसा जताया है।