चेन्नई/दक्षिण भारत। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन अपनी सीट कोलाथुर से पिछड़ गए हैं। यहां टीवीके के वीएस बाबू आगे चल रहे हैं। दोनों के बीच 4011 वोटों का अंतर है। इसी तरह उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी से 300 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं। पहले वे पीछे चल रहे थे।
तमिलनाडु में टीवीके ने अपने प्रदर्शन से सबको चौंका दिया है। उसने अब तक 108 सीटों पर बढ़त बना ली है। अन्नाद्रमुक 63 सीटों पर आगे है। द्रमुक का प्रदर्शन कमजोर दिखाई दे रहा है। वह 41 सीटों पर ही आगे चल रही है।
दूसरी ओर पीएमके 6, कांग्रेस 5, भाजपा 3 और सीपीआई 2 सीटों पर आगे चल रही हैं। पेराम्बुर से टीवीके के सी. जोसेफ विजय 18684 वोट लेकर सबसे आगे चल रहे हैं। उन्होंने द्रमुक उम्मीदवार आरडी शेखर को 8140 वोटों के अंतर से पछाड़ दिया है।
मयिलापुर से भाजपा उम्मीदवार डॉ. तमिलिसाई सौंदराजन तीसरे स्थान पर चल रही हैं। यहां टीवीके के वेंकटरमणन पी. ने 10810 वोटों की बढ़त बना रखी है। उन्हें अब तक 24803 वोट मिल चुके हैं। दूसरे स्थान पर द्रमुक के वेलु धा हैं।
बोडीनायकनुर से द्रमुक के ओ पनीरसेल्वम आगे चल रहे हैं। उन्होंने 2933 वोटों की बढ़त से टीवीके के उम्मीदवार प्रकाश को पछाड़ दिया है। यहां अन्नाद्रमुक के उम्मीदवार तीसरे स्थान पर हैं।
एडप्पाडी से अन्नाद्रमुक के उम्मीदवार ईके पलानीस्वामी ने 23517 वोटों की जोरदार बढ़त बना रखी है। दूसरे स्थान पर निर्दलीय उम्मीदवार प्रेमकुमार हैं। द्रमुक उम्मीदवार सी काशी तीसरे स्थान पर हैं।
थाउजेंड लाइट्स सीट से टीवीके के प्रभाकर जेसीडी 1770 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं। यहां द्रमुक के एझिलन नागनाथन दूसरे स्थान पर हैं। अन्नाद्रमुक की उम्मीदवार वलारमथी बी तीसरे स्थान पर चल रही हैं।